बिहार अब फिल्म निर्माताओं के लिए आकर्षक केंद्र बन रहा है। बिहार राज्य फिल्म विकास एवं वित्त निगम के अनुसार, प्रदेश में अब तक 60 फिल्मों की शूटिंग पूरी हो चुकी है। निगम के परामर्शी अरविंद रंजन दास के मुताबिक, राज्य में 65 फिल्मों को शूटिंग की अनुमति दी गई थी। भाषा-वार आंकड़ों के अनुसार, 45 स्वीकृत फिल्म परियोजनाओं में 22 हिंदी और 19 भोजपुरी भाषा की थीं। इनके अलावा मगही, मैथिली, अंग्रेजी-भोजपुरी मिश्रित और हिंदी-मैथिली मिश्रित भाषा में एक-एक फिल्म बनने की योजना थी। इन परियोजनाओं में 38 फीचर फिल्में, छह वृत्तचित्र और एक वेब सीरीज शामिल थीं, जिनमें से 39 की शूटिंग पूरी हो चुकी है।

शूटिंग पूरी करने वाली फिल्मों में संघतिया, द लॉन्ग जर्नी होम, बिहार का जलवा, जिंदगी बितवानी तोहरे प्यार में, घर का बंटवारा, नारी, रजनी की बारात, ओह माय डॉग, छठ, टिया, सुगनी, पेन ब्रेश, बिहान, जिंदगी एक प्रेम कथा और मिस बिहार आदि शामिल हैं। पटना, राजगीर, नालंदा, बोधगया, गया, मुंगेर, कैमूर, जहानाबाद, वाल्मीकिनगर और चंपारण जैसे इलाके फिल्मकारों के लिए आकर्षक शूटिंग लोकेशन बन रहे हैं।

फिल्म प्रोत्साहन नीति के तहत राज्य में शूटिंग के अनुपात के आधार पर निर्माताओं को 50 से 75 प्रतिशत तक अनुदान का लाभ मिल सकता है। क्षेत्रीय भाषाओं की फिल्मों को भी प्रोत्साहन दिया जा रहा है, जिससे भोजपुरी, मैथिली, मगही और अंगिका में फिल्म निर्माण को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। बढ़ती शूटिंग से कलाकारों, तकनीशियनों और कैमरामैन के साथ होटल, परिवहन और स्थानीय कारोबार से जुड़े लोगों को भी रोजगार मिल रहा है। फिल्म वित्त निगम शूटिंग लोकेशन, कलाकारों, तकनीशियनों और स्टूडियो का डिजिटल डेटाबेस तैयार कर रहा है, जिसे वेबसाइट पर भी अपलोड किया गया है।

बिहार का सिनेमा से रिश्ता नया नहीं है। गंगा मैया तोहे पियरी चढ़इबो, तीसरी कसम, गांधी और मांझी-द माउंटेन मैन जैसी फिल्मों ने यहां की जमीन, समाज और परिवेश को पर्दे पर उतारा है। फिल्म निर्माण से जुड़ी जानकारी film.bihar.gov.in पर उपलब्ध है, जहां राज्य के पर्यटन स्थलों की शूटिंग संबंधी जानकारी भी दी गई है।