सपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री मोहम्मद आजम खां बुधवार शाम करीब साढ़े छह बजे गाजियाबाद की डासना जेल से रिहा हो गए। रिहाई के बाद उनका काफिला रामपुर पहुंचा, जहां समर्थकों ने उनका भव्य स्वागत किया। जेल से बाहर आते ही समर्थकों में जबर्दस्त उत्साह देखा गया और रामपुर से भी कई समर्थक उन्हें लेने गाजियाबाद तक पहुंचे थे।

रात करीब 50 से अधिक गाड़ियों के काफिले के साथ आजम खां जेल रोड स्थित अपने घर के पास पहुंचे, जहां पहले से सैकड़ों समर्थकों की भीड़ उनका इंतजार कर रही थी। आजम खां की झलक देखते ही भीड़ ने जिंदाबाद के नारे लगाने शुरू कर दिए और समर्थकों ने आतिशबाजी छोड़कर उनका इस्तकबाल किया। गाजियाबाद से काफिला निकलने के बाद रास्ते में भी जगह-जगह समर्थक और सपाई उनकी झलक पाने के लिए खड़े मिले।

आजम खां की रिहाई पर सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एक्स पर लिखा कि इस रिहाई ने इंसाफ पर ऐतबार को बढ़ाया है। उन्होंने कहा, "जब जुल्म और ज्यादती हो जाए बेहद के पार, तो समझो आ गया है हुक्मरानों का अंतकाल।"