मुंबई। बालासाहेब ठाकरे की तस्वीर फाड़े जाने के आरोप को लेकर महाराष्ट्र की राजनीति में विवाद खड़ा हो गया है। शिवसेना प्रमुख एकनाथ शिंदे ने पार्टी प्रवक्ता शाइना एनसी का बचाव करते हुए कहा कि बालासाहेब उनके और शिवसैनिकों के लिए देवता समान हैं और उनका अपमान किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शाइना इस मामले में अपनी सफाई दे चुकी हैं।
शिंदे गुट की शिवसेना ने सोनिया गांधी की आत्मकथा के विरोध में प्रदर्शन किया था। इसी दौरान शाइना एनसी पर बालासाहेब ठाकरे की तस्वीर फाड़ने का आरोप लगा। मुंबई के बालासाहेब भवन में हुए इस प्रदर्शन का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। शाइना ने जो तस्वीर फाड़ी, उसमें कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर और बालासाहेब ठाकरे दोनों थे।
शाइना एनसी का कहना है कि उन्होंने सिर्फ मणिशंकर अय्यर की तस्वीर फाड़ी थी और कांग्रेस इस मामले में गलत नैरेटिव गढ़ रही है। शिंदे ने भी कहा कि बालासाहेब की तस्वीर नहीं फाड़ी गई और तस्वीर में जो हिस्सा फटा था, वह अय्यर का चेहरा था। उन्होंने कहा कि विवादित तस्वीर में बालासाहेब ठाकरे हैं, जिन्होंने एक बार स्वातंत्र्यवीर सावरकर का अपमान करने पर मणि शंकर अय्यर को चप्पल से मारा था। शिंदे ने सोनिया गांधी की किताब के पन्ने फाड़े जाने को भी सही ठहराया और तर्क दिया कि किताब में वीर सावरकर का अपमान हुआ है।
विवाद बढ़ने पर शिंदे ने शाइना को बुलाया और उन्होंने विधानसभा में शिंदे से मुलाकात की। उद्धव ठाकरे के प्रेस सलाहकार हर्षल प्रधान ने शाइना पर निशाना साधते हुए कहा कि बालासाहेब का अपमान बर्दाश्त नहीं होगा। उन्होंने मांग की कि जो शिंदे बालासाहेब के विचारों पर चलने का दावा करते हैं, वे शाइना पर सख्त कार्रवाई करें।
