रेलवे बोर्ड की प्रीमियम ब्रांड कैटरिंग आउटलेट योजना जल्द ही बनारस रेल मंडल के स्टेशनों पर लागू होगी। इस योजना के तहत यात्री पिज्जा, बर्गर, फ्राइड चिकन और आइसक्रीम जैसे ब्रांडेड खाद्य उत्पादों का लुत्फ उठा सकेंगे। वाराणसी रेल मंडल के सीनियर डीसीएम प्रशस्ति श्रीवास्तव के अनुसार, इसी माह योजना के लिए निविदा निकाली जाएगी और उम्मीद है कि दिसंबर माह तक लोगों को इसका लाभ मिलने लगेगा।
रेलवे बोर्ड ने स्टेशनों पर नामीचीन फूड कंपनियों को दुकान खोलने की अनुमति दी है। इनमें मैकडोनाल्ड्स, केएफसी, पिज्जा हट, हल्दीराम, बास्किन रॉबिंस और बीकानेरवाला समेत कई कंपनियां शामिल हैं। योजना के तहत कंपनियां स्टेशनों पर अपने ब्रांड के नाम से आउटलेट खोल सकेंगी। हालांकि, निविदा में वही कंपनी भाग ले सकेगी, जिसके कम से कम 20 आउटलेट्स होंगे।
रेल प्रशासन का उद्देश्य यात्रियों को बेहतर खानपान सुविधा उपलब्ध कराना और रेलवे स्टेशनों को एयरपोर्ट की तर्ज पर विकसित करना है। वंदे भारत जैसी प्रीमियम ट्रेनों की संख्या बढ़ने के कारण छोटे शहरों के स्टेशनों पर भी प्रीमियम ब्रांड कैटरिंग आउटलेट की जरूरत महसूस की जाने लगी है। योजना के तहत 24 घंटे सेवा उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे यात्री सुविधाएं बढ़ने के साथ रेलवे राजस्व में भी बढ़ोतरी होने की उम्मीद है।
