स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) की ओर से जूनियर एसोसिएट (क्लर्क) भर्ती के प्रीलिम एग्जाम का रिजल्ट आज यानी बुधवार को जारी हो सकता है। परीक्षा 26 और 27 सितंबर 2026 को आयोजित की गई थी। रिजल्ट ऑफिशियल वेबसाइट sbi.co.in और sbi.bank.in पर जारी किया जाएगा। विभिन्न मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक नतीजे आज कभी भी घोषित किए जा सकते हैं।
रिजल्ट चेक करने के लिए अभ्यर्थियों को रजिस्ट्रेशन नंबर और डेट ऑफ बर्थ दर्ज करना होगा। रिजल्ट के साथ ही कैटेगरी वाइज कटऑफ भी जारी की जाएगी। जो अभ्यर्थी निर्धारित कटऑफ अंक प्राप्त करेंगे, केवल वे ही मुख्य परीक्षा के लिए क्वालीफाई माने जाएंगे और उन्हीं के एडमिट कार्ड जारी होंगे। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे रजिस्ट्रेशन नंबर पास रखें और आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखें।
एसबीआई क्लर्क मुख्य परीक्षा का आयोजन 26 और 27 नवंबर 2026 को किया जाएगा। मुख्य परीक्षा में केवल वही अभ्यर्थी भाग ले पाएंगे जो प्रारंभिक परीक्षा में सफल होंगे। मुख्य परीक्षा का रिजल्ट आने के बाद अंतिम चरण में उम्मीदवारों को लोकल लैंग्वेज टेस्ट में भाग लेना होगा। सभी चरणों में सफल अभ्यर्थियों को रिक्त पदों पर नियुक्ति दी जाएगी।
इस भर्ती के माध्यम से जूनियर एसोसिएट (क्लर्क) के कुल 9124 पदों पर नियुक्तियां होनी हैं। इनमें से 7680 पद रेगुलर वैकेंसी के लिए और 1444 पद बैकलॉग पदों के लिए आरक्षित हैं।
