ढाका। बांग्लादेश के विदेश राज्य मंत्री हुमायूं कबीर ने शेख हसीना के दिसम्बर में देश लौटने की संभावनाओं को खारिज कर दिया है। ढाका में मीडिया से बात करते हुए कबीर ने कहा कि शेख हसीना दिसम्बर में नहीं आएंगी और उस महीने में केवल सर्दी आएगी। उन्होंने कहा कि अगर हसीना की वापसी होती है तो वह प्रत्यर्पण संधि के जरिए होगी। मंत्री ने कहा कि हसीना हथकड़ी पहनकर या विमान में कड़ी निगरानी में ही आ सकती हैं और उनके आने का यही एकमात्र तरीका है।

कबीर ने यह भी कहा कि हसीना अब बेकार और अप्रासंगिक हो चुकी हैं। उन्होंने दावा किया कि भारत के लिए भी शेख हसीना को रखना मुश्किल हो गया है। बांग्लादेशी मंत्री ने हसीना को आतंकवादी बताते हुए कहा कि भारत को अहसास हो गया है कि अपनी जमीन पर एक आतंकवादी को रखने में कितनी चुनौतियां हैं। उन्होंने बताया कि बांग्लादेश हसीना के प्रत्यर्पण के लिए अनुरोध कर चुका है और भारत के जवाब का इंतजार कर रहा है।

भारत के साथ गंगा जल बंटवारा संधि पर कबीर ने कहा कि इसे लेकर काम चल रहा है और ढाका ने इस मामले में भारत को पत्र लिखा है। उन्होंने कहा कि वे भारत के जवाब का इंतजार कर रहे हैं और अपनी तरफ से जो कुछ किया जाना चाहिए, वह कर रहे हैं। गंगा जल बंटवारा संधि दिसम्बर की शुरुआत में खत्म हो रही है और अभी तक इसके नवीनीकरण को लेकर कोई बातचीत नहीं हुई है। 12 दिसम्बर 1996 को हुई यह संधि भारत और बांग्लादेश के बीच गंगा नदी के पानी का बंटवारा सुनिश्चित करती है।

भारत के पश्चिम बंगाल के मंत्रियों की धमकी भरी टिप्पणियों पर कबीर ने कहा कि ऐसी बातें करने वाले हर जगह होते हैं। उन्होंने कहा कि दुनिया भर की राजनीति में कुछ सनकी लोग होते हैं और बांग्लादेश के संबंध भारत की केंद्र सरकार के साथ रहेंगे।