बरेली के नामचीन हकीम खुर्शीद मुराद सिद्दीकी को साइबर ठगों ने खुद को एटीएस और एनआईए अधिकारी बताकर करीब 17 घंटे तक डिजिटल अरेस्ट रखा। ठगों ने उनसे 2.45 करोड़ रुपये ट्रांसफर कराने की कोशिश की, लेकिन उनके मैनेजर अकरम को शक हुआ और वह उन्हें साइबर थाना लेकर पहुंचे। पुलिस ने तुरंत काउंसिलिंग कर काल डिसकनेक्ट कराई, जिससे उनके लाखों रुपये बच गए।
सिविल लाइंस निवासी हकीम खुर्शीद मुराद सिद्दीकी का सर्किट हाउस पर वेदान नाम से क्लिनिक है। गुरुवार रात आठ बजे उनके पास एक महिला ने फोन किया और कहा कि वह एटीएस से बात कर रही है तथा वीडियो काल में उनके चीफ बात करेंगे। इसके बाद वीडियो काल पर एनआईए अधिकारी बनकर बात की गई। काल करने वाले ने अपना नाम दीपक शर्मा बताया और कहा कि दो आतंकवादी सुहैल और शमीम पकड़े गए हैं, जिन्होंने उनका नाम लिया है और उनके नाम से हुगली में खाता खोलकर 2.45 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए हैं, जिसका वेरिफिकेशन करना है। इसके बाद अलग-अलग लोग अधिकारी बनकर उनसे लगातार वीडियो काल पर बात करते रहे। पीछे का बैकग्राउंड भी किसी एजेंसी के दफ्तर जैसा लग रहा था। ठग ने उन्हें सुबह बैंक जाकर आरटीजीएस कराने को कहा।
हकीम सुबह क्लिनिक नहीं गए तो उनके मैनेजर अकरम उनके घर पहुंचे। उन्होंने बैंक चलने की बात कही, लेकिन वजह नहीं बताई और एसपी क्राइम के दफ्तर के बारे में पूछा। इस पर मैनेजर को शक हुआ और वह उन्हें बैंक जाने के बहाने साइबर थाना लेकर आए। साइबर थाना में पहुंचने पर इंस्पेक्टर धनंजय पांडेय ने हकीम की पूरी बात सुनी और उन्हें समझाया कि साइबर ठग ने उन्हें डिजिटल अरेस्ट किया है। पुलिसकर्मियों ने जब साइबर ठग से बात की तो वह तुरंत समझ गया और काल काट दी।
साइबर थाना प्रभारी धनंजय पांडेय ने मैनेजर को साइबर जागरूकता से संबंधित सामग्री दी और क्लिनिक में लगाने के लिए कहा, ताकि अन्य लोग भी ठगी से बच सकें।
