सुलतानपुर में बंदरों के आतंक से निजात दिलाने के लिए वन विभाग ने नगर पालिका परिषद और नगर पंचायतों में 'कपिवन' स्थापित करने की पहल शुरू की है। शासन से प्रस्ताव मिलने के बाद विभाग नगर पंचायतों के सहयोग से इन वनों के लिए भूमि की तलाश करेगा। कपिवन में फलदार पौधे रोपित किए जाएंगे, ताकि बंदर वहीं रहें और किसानों व नागरिकों को राहत मिल सके।
प्रभागीय वनाधिकारी अमित सिंह के अनुसार, चार नगर पंचायतों और पालिका क्षेत्र में एक-एक कपिवन स्थापित करने की कार्ययोजना तैयार की गई है। इसके लिए अधिशासी अधिकारी से सम्पर्क कर भूमि की तलाश कराई जाएगी। इन वनों में गूलर आदि प्रजाति के फलदार पौधे रोपे जाएंगे। बीते वर्ष करौंदीकला में एक कपिवन की स्थापना कराई गई थी।
बंदरों के प्रकोप का असर खेती पर भी पड़ा है। मिश्रपुर पुरैना के किसान रवि शंकर, राम कुमार वर्मा, राम अवध वर्मा, मो. मुस्लिम और रिंकू दुबे समेत कई किसान पहले टमाटर और मटर की अच्छी खेती करते थे, लेकिन बंदरों के प्रकोप से अब उन्होंने यह खेती बंद कर दी है। भदैंया के हनुमानगंज, अभियाकला कला, अभिया खुर्द, मिश्रपुर पुरैना, महानपुर और पखरौली समेत कई गांवों में बंदरों की आमदरफ्त काफी अधिक है।
शहर के विवेकनगर, शास्त्रीनगर, सीताकुंड, गोलाघाट, करौंदिया, पयागीपुर, नरायनपुर, लोको कालोनी, विनोबापुरी, चौक, दरियापुर और पंचरास्ता आदि मुहल्लों में प्रतिदिन बंदर झुंड में आते हैं। इनके प्रकोप से लोग छतों पर सामान डालने से बचते हैं और एक स्थान पर अधिक समय तक रुकने से कतराते हैं। विभाग की इस पहल से लोगों को बंदरों के आतंक से छुटकारा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
