अन्नाद्रमुक के महासचिव इडाप्पडी के पलानीस्वामी ने शनिवार को दावा किया कि तमिलनाडु में टीवीके सरकार कानून-व्यवस्था की बिगड़ती स्थिति समेत कई समस्याओं के कारण अपने आप गिर जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार को गिराने के लिए अविश्वास प्रस्ताव लाने की खबरें मीडिया की अटकलें हैं, क्योंकि विधानसभा में अन्नाद्रमुक के पास पर्याप्त संख्या बल नहीं है।

पूर्व मुख्यमंत्री पलानीस्वामी ने कहा कि बढ़ती महंगाई, बिगड़ती कानून-व्यवस्था, औद्योगिक विकास के कुप्रबंधन से उद्योगों का पड़ोसी राज्यों में जाना और मेकेदातु परियोजना पर ठोस कदम न उठाना जैसी समस्याओं के चलते टीवीके सरकार अपने आप गिर सकती है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार कर्नाटक से राज्य के हिस्से का पानी हासिल करने में विफल रही है।

इस बीच, सुप्रीम कोर्ट ने कर्नाटक को कावेरी नदी का 11 हजार मिलियन क्यूबिक फीट पानी छोड़ने का निर्देश देने की मांग वाली तमिलनाडु सरकार की दो याचिकाएं खारिज कर दीं। इसके कुछ ही घंटों बाद द्रमुक अध्यक्ष एमके स्टालिन ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री विजय से परेशान किसानों को बचाने, इस मुद्दे पर प्रस्ताव पारित करने और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने के लिए तत्काल सर्वदलीय बैठक बुलाने का आग्रह किया।

सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट में स्टालिन ने कहा कि पानी की अनुपलब्धता और कम जलस्तर के कारण मेट्टूर बांध से सिंचाई के लिए पानी न छोड़े जाने से खेती पहले ही चौपट हो चुकी है और अब बाकी फसल भी मुरझा रही है। उन्होंने किसानों को बचाने के लिए मुख्यमंत्री से जवाब मांगते हुए सवाल किया कि संकट का सामना कर रहे किसानों के प्रति मौन मुद्रा में बैठे मुख्यमंत्री का क्या जवाब है।