छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने जीएसटी की सहायक आयुक्त आंचला गिरी को कथित रूप से रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा है। अधिकारी पर आरोप है कि उन्होंने एसीबी की टीम को देखकर डेढ़ लाख रुपये की रिश्वत की रकम घर के बाहर नाली में फेंक दी, लेकिन टीम ने रकम बरामद कर ली। मामले में सीए इमरान मेमन को भी गिरफ्तार किया गया है।

एसीबी के डीएसपी रमेश कुमार मरकाम के अनुसार, शनिवार दोपहर करीब दो बजे रायपुर और जगदलपुर की 18 सदस्यीय संयुक्त टीम ने अधिकारी के निवास पर कार्रवाई की। अधिकारी के घर पर आय से अधिक संपत्ति के संदेह में तलाशी भी की जा रही है।

कारोबारी शोएब रंगरेज ने एसीबी से शिकायत की थी कि ई-वे बिल के मामले में उनका ट्रक रोके जाने के बाद उसे छुड़ाने और जीएसटी प्रकरण में राहत देने के एवज में डेढ़ लाख रुपये की मांग की गई थी। आरोप है कि रकम सीए इमरान मेमन के माध्यम से देने को कहा गया था और मांग पूरी न करने पर चालानी कार्रवाई की धमकी दी गई थी।

शोएब ने रिश्वत मांगने से जुड़े साक्ष्यों के साथ एसीबी में शिकायत की थी। शिकायत का सत्यापन करने के बाद टीम ने ट्रैप की योजना बनाई।