प्रधानमंत्री ने शनिवार को वैशाली से भोजपुर जिले की 49.92 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 14 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया। इनमें स्वास्थ्य, शिक्षा, ऊर्जा और आवास क्षेत्र की योजनाएं शामिल हैं। कलेक्ट्रेट भवन में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया, जिसमें जिले के जनप्रतिनिधि और वरीय पदाधिकारी शामिल हुए।
सात प्रखंडों में हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर यानी स्वास्थ्य उपकेंद्र खोले गए हैं। इनमें उदवंतनगर के मल्थर, तरारी के विशुनपुर, अगिआंव के खनैत, संदेश के रामासाढ़, सहार के एकवारी, बिहिया के बिरपुर और जगदीशपुर के पिलापुर स्थित केंद्र शामिल हैं। इनके निर्माण पर 299.88 लाख रुपये खर्च हुए हैं। इससे ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी।
ऊर्जा क्षेत्र में दो नए 33/11 केवी पावर सब स्टेशन शुरू किए गए हैं। एक उदवंतनगर प्रखंड परिसर में और दूसरा जगदीशपुर प्रखंड की हरिगांव पंचायत के सुंदरा गांव में स्थापित किया गया है। उदवंतनगर पीएसएस से नौ पंचायतों के 30 गांवों के करीब 11 हजार परिवारों को, जबकि सुंदरा पीएसएस से आठ पंचायतों के 45 गांवों के लगभग नौ हजार परिवारों को लाभ मिलेगा। इससे बिजली आपूर्ति व्यवस्था मजबूत होगी।
शिक्षा के क्षेत्र में चार नए उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भवन बने हैं। इनमें सहार प्रखंड के उत्क्रमित उच्च विद्यालय बरुही, पीरो के उत्क्रमित उच्च विद्यालय टार, उदवंतनगर के उच्च माध्यमिक विद्यालय कुसुम्हा (सुर्हनी) और संदेश के ध्वज नारायण क्षत्रिय उच्च विद्यालय कुसरे शामिल हैं। इन भवनों पर 608.947 लाख रुपये खर्च किए गए हैं। वहीं, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 527 लाभार्थियों को पक्के मकान मिले हैं, जिनके निर्माण पर 13.17 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं।
