भोपाल की एक महिला की शिकायत पर बसपा नेता और इंदौर-भोपाल क्षेत्र के मुख्य जोन प्रभारी कमलेश दोहरे को दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपित ने महिला को पार्टी में बड़ा पद दिलाने का झांसा देकर होटल में बुलाया था। आरोपित 2023 में सीहोर सीट से बसपा के टिकट पर विधानसभा चुनाव लड़ चुका है।

मिसरोद थाना प्रभारी विमलेश राय के अनुसार, भोपाल निवासी पीड़िता ने शिकायत में आरोप लगाया है कि कमलेश दोहरे ने जुलाई 2025 में उसे पार्टी में बड़ा पद दिलाने का झांसा दिया। इसी बहाने उसे होटल जलसा में मिलने के लिए बुलाया गया, जहां आरोप है कि उसके साथ दो बार दुष्कर्म किया गया।

शिकायत के मुताबिक, एक बार आरोपित अपने साथ एक दूसरे युवक को भी लाया था, जिसने महिला के साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने शुक्रवार रात मामला दर्ज किया। मिसरोद थाना पुलिस ने सीहोर पुलिस की मदद से आरोपित को गिरफ्तार कर शनिवार को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

आरोपित मध्य प्रदेश के सीहोर स्थित भारतीय नगर का रहने वाला है और वर्तमान में बसपा में इंदौर-भोपाल क्षेत्र का मुख्य जोन प्रभारी है। वह 2023 में सीहोर सीट से बसपा की टिकट पर विधानसभा चुनाव भी लड़ चुका है। मामले में एक अन्य आरोपित की तलाश जारी है।