गंगा और गंडक के संगम पर बसा हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेले की मेजबानी कर रहा है, जहां कार्तिक पूर्णिमा पर लाखों श्रद्धालु स्नान करते हैं। यह मेला हरिहरनाथ मंदिर की आस्था के साथ पशु व्यापार, लोक संस्कृति और ग्रामीण अर्थव्यवस्था का विशाल केंद्र रहा है। इसे हरिहर क्षेत्र मेला और छत्तर मेला भी कहा जाता है।

मेले की मिट्टी में पौराणिक आख्यानों की सुगंध के साथ इतिहास के पन्नों में राजाओं-महाराजाओं के हाथियों की खरीद-बिक्री, अंतरराष्ट्रीय व्यापार, शाही दरबार, स्वतंत्रता संग्राम और किसान आंदोलन की गूंज भी दर्ज है। लोक मान्यताओं में मौर्य शासक चंद्रगुप्त मौर्य के समय से यहां पशुओं की खरीदारी की परंपरा का उल्लेख मिलता है। मुगल काल में युद्ध में हाथियों की भूमिका को देखते हुए शासक यहां से चुनिंदा हाथियों की खरीदारी करते थे और सम्राट अकबर भी दल-बल के साथ सोनपुर मेले में आते थे। मध्य एशिया के अलावा अफगानिस्तान, ईरान और इराक तक के व्यापारी यहां पशुओं की खरीद-बिक्री के लिए पहुंचते थे।

मेले के इतिहास में वर्ष 1915 में आयोजित अखिल भारत वर्षीय सनातन धर्म सम्मेलन ने नया अध्याय जोड़ा। कार्तिक मेले के दौरान सोनपुर स्थित अखिल भारत वर्षीय धर्मसभा भवन में हुए इस सम्मेलन में देशभर के राजा-महाराजाओं और धर्माचार्यों का जुटान हुआ, जिसमें लगभग 20 से 25 हजार श्रद्धालुओं की उपस्थिति बताई जाती है। दरभंगा महाराज रामेश्वर सिंह सभापति, रीवा महाराज वेंकट रमण सिंह मुख्य अतिथि और हथुआ महाराज गुरु महादेव आश्रम प्रसाद शाही बहादुर संरक्षक की भूमिका में थे। 27 नवंबर 1915 को प्रकाशित पाटलिपुत्र अखबार ने इस आयोजन का विस्तार से वर्णन किया था।

सम्मेलन में स्वागत अध्यक्ष व्याख्यान वाचस्पति पंडित दीन दयालु शर्मा ने तीनों नरेशों की उपस्थिति को हरिहर क्षेत्र के त्रिदेव संगम से जोड़ा था। दंडीस्वामी स्वामी सहजानंद सरस्वती ने अपनी पुस्तक ब्रह्मर्षि वंश विस्तर में भी इस धर्म सम्मेलन का उल्लेख किया है। आज राजपरिवारों का वैसा जुटान नहीं होता, लेकिन उस ऐतिहासिक आयोजन की स्मृति मेले की धार्मिक पहचान का अहम हिस्सा बनी हुई है।