करनाल में एसबीआई क्रेडिट कार्ड बनवाने का झांसा देकर एक व्यक्ति से 1.01 लाख रुपये की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। साइबर थाना पुलिस ने इस मामले में पानीपत निवासी एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से एक लाख रुपये नकद, मोबाइल और पैन कार्ड बरामद किया है।

साइबर थाना पुलिस के अनुसार, चमन गार्डन एक्सटेंशन निवासी राजकुमार ने 27 जून को शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 25 जून को उनके फेसबुक अकाउंट पर एसबीआई क्रेडिट कार्ड से संबंधित विज्ञापन दिखाई दिया था। विज्ञापन लाइक करने के अगले दिन उनके पास एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया।

शिकायत के मुताबिक, आरोपित ने क्रेडिट कार्ड बनवाने का झांसा देकर वॉट्सऐप कॉल के जरिए मोबाइल की स्क्रीन शेयर करवा ली और एक लिंक भेजा। इस प्रक्रिया में ठगों ने क्रेडिट कार्ड की जानकारी हासिल कर पांच बार 20,247.80 रुपये की ट्रांजेक्शन की और कुल 1,01,239 रुपये निकाल लिए।

उप निरीक्षक मुकेश कुमार की टीम ने आरोपित पानीपत की खटीक बस्ती निवासी सुनील को गिरफ्तार किया। शनिवार को आरोपित को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।