कानपुर चिड़ियाघर में ऑस्ट्रेलियन नर वालाबी की सांप के काटने से मौत हो गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में जहर के लक्षण मिले हैं। चिड़ियाघर के डॉ. नासिर ने आशंका जताई है कि वालाबी की मौत सांप के काटने से हुई है, क्योंकि उसके शरीर पर दांत के निशान मिले हैं। मौत की असली वजह की पुष्टि के लिए शव के नमूने भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान (आइवीआरआइ), बरेली भेजे जाएंगे। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी।

चिड़ियाघर में वनतारा से 2023 में वालाबी का जोड़ा लाया गया था। करीब छह महीने पहले संक्रमण से मादा वालाबी की मौत हो चुकी थी। डॉ. नासिर के मुताबिक, चिड़ियाघर में अब तीन वालाबी हैं। वालाबी कंगारू परिवार से संबंधित छोटे से मध्यम आकार का स्तनधारी जीव है, जो मुख्य रूप से ऑस्ट्रेलिया और न्यू गिनी में पाया जाता है। यह आकार में कंगारू से छोटा होता है और घने जंगलों व झाड़ियों में तेजी से चलने के लिए जाना जाता है।

इसी महीने कानपुर चिड़ियाघर में 13 वर्षीय नर तेंदुआ मुराद की कार्डियक अरेस्ट से मौत हो गई थी। वहीं, सितंबर में तीन काले हिरणों की मौत हुई थी, जिसका कारण पेट में कृमि संक्रमण बताया जा रहा है।