डीवीसी के कोडरमा थर्मल पावर स्टेशन (केटीपीएस) के कोल हैंडलिंग प्लांट (सीएचपी) क्षेत्र में शनिवार शाम करीब 6:15 बजे कन्वेयर बेल्ट टीपी-3 में अचानक आग लग गई। बताया जाता है कि बिजली उत्पादन के लिए कोयला ढुलाई के दौरान बेल्ट में आग भड़की, जिससे परिसर में अफरा-तफरी मच गई और बेल्ट का बड़ा हिस्सा जलकर क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही सीआईएसएफ अग्निशमन विभाग के डिप्टी कमांडेंट महेश कुमार एवं प्रेमचंद शर्मा के नेतृत्व में अग्निशमन कर्मी मौके पर पहुंचे। टीम ने दो दमकल वाहनों की मदद से करीब 150 मीटर ऊंचाई पर स्थित कन्वेयर बेल्ट तक पहुंचकर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और उसे अन्य हिस्सों में फैलने से रोक दिया। सीआईएसएफ की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया।
कन्वेयर बेल्ट के क्षतिग्रस्त होने से डीवीसी को लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। बताया जाता है कि लगातार कोयला परिवहन के दौरान कन्वेयर बेल्ट के गर्म होने से इस तरह की आग लगने की घटनाएं होती हैं।
शनिवार की घटना में किसी के हताहत होने या जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है। फिलहाल आग पूरी तरह बुझा दी गई है।
