माघ मेला 2027 के दौरान प्रयागराज रेल मंडल श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 72 मेला स्पेशल ट्रेनें चलाएगा। जनवरी से छह मार्च तक यह व्यवस्था रहेगी। इसके अलावा संगम स्नान के बाद यात्रियों को अयोध्या, वाराणसी, चित्रकूट और झांसी जैसे धार्मिक स्थलों तक जाने में सुविधा के लिए रिंग रेल सेवा भी शुरू की जाएगी।

प्रयागराज रेल मंडल ने माघ मेला 2027 के लिए तैयारी शुरू कर दी है। रेलवे जनवरी से छह मार्च तक 72 मेला स्पेशल ट्रेनों का संचालन करेगा। इन ट्रेनों के लिए अलग-अलग स्टेशनों पर ठहराव की व्यवस्था की गई है। ट्रेनें प्रयागराज जंक्शन, सूबेदारगंज, नैनी, छिवकी, रामबाग, झूंसी, प्रयागराज संगम, प्रयाग और फाफामऊ से चलेंगी।

संगम स्नान के बाद श्रद्धालुओं को अयोध्या, वाराणसी, चित्रकूट और झांसी जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों तक आने-जाने में कोई परेशानी न हो, इसके लिए रिंग रेल चलाई जाएगी। रिंग ट्रेनें लूप रूट पर चलती हैं, यानी एक स्टेशन से निकलकर विभिन्न स्टेशनों से होते हुए उसी स्टेशन पर लौट आती हैं। ऐसी सेवाएं माघ, कुंभ और महाकुंभ के दौरान चलाई जाती हैं।

मकर संक्रांति, मौनी अमावस्या, बसंत पंचमी, पौष व माघी पूर्णिमा और महाशिवरात्रि पर भारी भीड़ रहने की संभावना है। भीड़ प्रबंधन के लिए यात्री आश्रय स्थलों की पहचान कलर कोडिंग से होगी। लाल रंग वाले आश्रय स्थल पर लखनऊ और वाराणसी, नीले पर मीरजापुर, विंध्याचल और पीडीडीयू, पीले पर मानिकपुर, सतना और झांसी तथा हरे रंग वाले स्थल पर फतेहपुर व कानपुर की ओर जाने वाले यात्री रुकेंगे। प्रयागराज मंडल के पीआरओ अमित सिंह ने बताया कि मेला स्पेशल ट्रेनों के साथ रिंग रेल भी चलाई जाएगी और इसके लिए व्यवस्थाएं बनाई जा रही हैं।