बरेली में शादी से पांच दिन पहले एक बैंक फाइनेंस कर्मी और उनके दोस्त की सड़क हादसे में मौत हो गई। दोनों उत्तराखंड से बरेली के मनौना गांव स्थित खाटू श्याम मंदिर जा रहे थे। हादसे में एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल है, जिसका जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के जरिये टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
उत्तराखंड के रुद्रपुर के ट्रांजिट कैंप स्थित कृष्णानगर निवासी फाइनेंस कर्मी विकास कुमार की शादी 25 नवंबर को होनी थी। स्वजन के अनुसार, शादी की तैयारियां चल रही थीं और निमंत्रण बांटे जा रहे थे। इसी बीच विकास ने बरेली के मनौना स्थित मंदिर में खाटू श्याम के दर्शन करने की इच्छा जताई। गुरुवार देर शाम वह दोस्त पीयूष और प्रिंस के साथ बाइक से मनौना के लिए निकले।
पुलिस के अनुसार, बाइक चला रहे विकास और उनके पीछे बैठे पीयूष ने हेलमेट लगाया था, जबकि प्रिंस सबसे पीछे बैठे थे। रात करीब 12 बजे उनकी बाइक मीरगंज फ्लाईओवर पर पहुंची, जहां पीछे से आए एक वाहन ने उनकी बाइक को कुचल दिया। सूचना पर पहुंचे थाना प्रभारी अजय प्रताप सिंह ने तीनों युवकों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा, जहां चिकित्सकों ने विकास और पीयूष को मृत घोषित कर दिया।
घायल प्रिंस का बरेली के जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। थाना प्रभारी अजय कुमार ने बताया कि सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के जरिये टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। हादसे में तीनों युवक छिटककर दूर जा गिरे थे और विकास व पीयूष के हेलमेट चकनाचूर हो गए थे। सीओ मीरगंज अजय कुमार ने भी विकास की 25 नवंबर को शादी होने की पुष्टि की है।
