नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने लगातार उड़ानें रद्द होने, देरी और ऑपरेशनल गड़बड़ियों के मामले में स्पाइसजेट को शो-कॉज नोटिस जारी किया है। 17 नवंबर को जारी इस नोटिस में एयरलाइन से सात दिन के भीतर जवाब मांगा गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी के बेड़े में अब केवल 12 से 13 विमान बचे हैं, जिनमें से 10 से भी कम उड़ान भरने की स्थिति में हैं। लीज पर विमान देने वाली कंपनियों को भुगतान न हो पाने के कारण कई विमान बेड़े से हटाए गए या ग्राउंडेड हैं। पिछले नौ महीनों में कंपनी का बाजार हिस्सा 3.9% से घटकर 0.6% रह गया है, जबकि इस साल अगस्त और सितंबर में स्पाइसजेट की हर पांच में से एक उड़ान रद्द हुई।
DGCA ने आठ मुद्दों पर कंपनी से जवाब मांगा है। इनमें 2026 में छोटे और दूरदराज के शहरों के लिए तय संख्या में उड़ानें न चलाना शामिल है, जिस पर पहले भी जुर्माना लगाया जा चुका है। इसके अलावा विदेशों के लिए नियमित उड़ानों के जरूरी नियमों का पालन न करना, समय पर उड़ान भरने की दर (OTP) का लगातार गिरना, मंजूरी के मुताबिक उड़ानें न चलाना और यात्रियों को रद्द उड़ानों व देरी से राहत देने के पर्याप्त इंतजाम न करना भी नोटिस में शामिल है। रिपोर्ट के मुताबिक, एयरलाइन जितनी उड़ानों की बुकिंग ले रही है, उनमें से आधी भी नहीं चला पा रही है। नोटिस में 11 मई 2026 का जुर्माना न भरने, जरूरी बीमा का रिन्यूअल न करने और विदेशी विमानन एजेंसियों की चिंता का जिक्र भी है, जो सर्विस देने वाली कंपनियों को समय पर भुगतान न होने से जुड़ी शिकायतों पर आधारित है।
DGCA के सितंबर के आंकड़ों के मुताबिक, स्पाइसजेट की 20% से ज्यादा निर्धारित उड़ानें रद्द हुईं और केवल 16.6% फ्लाइट्स समय पर उड़ान भर सकीं। इस दौरान करीब 36 हजार यात्रियों को दो घंटे से ज्यादा की देरी का सामना करना पड़ा, जबकि 21,700 यात्री उड़ानें रद्द होने से प्रभावित हुए। स्पाइसजेट पर दुबई की ग्राउंड हैंडलिंग कंपनी डीएनाटा का करीब 35.8 करोड़ रुपए बकाया है। भुगतान न मिलने पर कंपनी ने पिछले हफ्ते चेक-इन सेवाएं रोक दी थीं, जिसके चलते दुबई से आने-जाने वाली चार उड़ानें रद्द करनी पड़ीं।
BSE पर कंपनी का शेयर करीब 5% गिरकर 9.74 रुपए पर आ गया और BSE ने भी DGCA के नोटिस को लेकर स्पाइसजेट से स्पष्टीकरण मांगा है। नोटिस जारी होने के अगले दिन 18 नवंबर को कंपनी के बोर्ड ने अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए 5,500 करोड़ रुपए तक जुटाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी।
