हरदोई के पाली क्षेत्र में एलयूसीसी कंपनी पर रकम दोगुनी करने का झांसा देकर करोड़ों रुपये जमा कराने और भुगतान न करने का आरोप लगा है। निवेशकों का कहना है कि निर्धारित अवधि पूरी होने के बाद भी उन्हें रुपये वापस नहीं मिले और कंपनी की वेबसाइट, एप और पैनल बंद हो गए हैं।
पाली क्षेत्र के परेली गांव में वर्ष 2021 में एसबीआई ग्राहक सेवा केंद्र संचालक अमरवीर सिंह ने एलयूसीसी का कार्यालय खोला था। गांव निवासी मेडिकल स्टोर संचालक मनोज मिश्र के अनुसार एसबीआई मिनी बैंक के साथ एलयूसीसी का संचालन किया जा रहा था। सेमिनार के जरिए लोगों को अधिक लाभ और रकम दोगुनी होने का भरोसा दिलाया गया, जिसके बाद बड़ी संख्या में लोगों ने एफडी और बचत खाते खुलवाकर रुपये जमा किए।
निवेशकों के अनुसार अप्रैल 2024 से जमा धनराशि की अवधि पूरी होने पर भी भुगतान नहीं हुआ। उनका आरोप है कि पहले होली और फिर दीपावली तक भुगतान का आश्वासन दिया गया, लेकिन रकम नहीं मिली। स्थानीय लोगों का दावा है कि करीब 800 खातों में करोड़ों रुपये जमा कराए गए थे। माधुरी के दो लाख, मनोज मिश्र के तीन लाख, सनी के एक लाख, कमल किशोर के एक लाख, दिनेश लाल के दो लाख और सुरेशचंद्र के दो लाख रुपये फंसे होने की बात कही गई है। आरोप है कि कार्यालय बंद होने के बाद भी वसूली की गई।
अमरवीर सिंह ने बताया कि एलयूसीसी में 16 एजेंट कार्यरत थे और करीब 350 खाते खोले गए थे। उनके अनुसार कंपनी वर्ष 2023 में बंद हो गई थी और इसके बाद किसी खाताधारक से रुपये नहीं लिए गए। कंपनी के विरुद्ध मुकदमा भी दर्ज है। वहीं, निवेशकों का कहना है कि जमा पूंजी वापस नहीं मिलने से वे परेशान हैं और उन्होंने धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए उच्चाधिकारियों से शिकायत करने की बात कही है।
