वियतनाम की इलेक्ट्रिक वाहन निर्माता कंपनी विनफास्ट ने अपनी इलेक्ट्रिक SUV VF 6 का अपडेटेड मॉडल लॉन्च किया है। नए मॉडल में एक्सटीरियर से लेकर केबिन तक कई बदलाव किए गए हैं। इसमें नया फ्रंट लुक, अपडेटेड बंपर, नए अलॉय व्हील्स और रीडिजाइन किया गया डैशबोर्ड दिया गया है। केबिन में नया टू-स्पोक स्टीयरिंग व्हील और फ्लोटिंग डिजाइन वाला इंफोटेनमेंट सिस्टम शामिल है। कंपनी ने इसे वियतनाम में लॉन्च किया है और इसे जल्द ही भारतीय बाजार में भी लाया जा सकता है।

फीचर्स की बात करें तो Comfort वेरिएंट में 10-इंच की टचस्क्रीन दी गई है, जबकि Premium वेरिएंट में 12.9-इंच का इंफोटेनमेंट सिस्टम मिलता है। अपडेटेड मॉडल में डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर भी जोड़ा गया है, जो पिछले मॉडल में नहीं था। SUV में छह एयरबैग, फ्रंट पार्किंग सेंसर, 360-डिग्री कैमरा और ADAS पैकेज जैसे सुरक्षा फीचर्स भी दिए गए हैं।

अपडेटेड विनफास्ट VF 6 में अब 60kWh का बैटरी पैक दिया गया है, जो पुराने मॉडल के 59.6kWh बैटरी पैक की जगह लेता है। इसमें सिंगल इलेक्ट्रिक मोटर मिलती है, जो करीब 174bhp की पावर और 250Nm का टॉर्क जनरेट करती है। कंपनी ने दोनों वेरिएंट में मोटर का आउटपुट समान रखा है। Comfort वेरिएंट एक बार फुल चार्ज होने पर 510 किमी तक की रेंज देने का दावा करता है, जबकि Premium वेरिएंट की क्लेम्ड रेंज 480 किमी है। ये आंकड़े NEDC साइकिल के अनुसार हैं।

वियतनाम में अपडेटेड VF 6 को Comfort और Premium दो वेरिएंट में पेश किया गया है। Comfort वेरिएंट की कीमत 646 मिलियन वियतनामी डोंग यानी करीब 23.44 लाख रुपये रखी गई है, जबकि Premium वेरिएंट की कीमत 715 मिलियन वियतनामी डोंग यानी लगभग 25.96 लाख रुपये है। इसकी डिलीवरी 2027 में शुरू होने की उम्मीद है।