देश में 21 नवंबर से 15 दिसंबर 2026 तक चलने वाले विवाह सीजन में लगभग 52 लाख शादियां होने और करीब ₹7.50 लाख करोड़ का कारोबार होने का अनुमान है। कन्फेडरेशन ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) ने गुरुवार को जारी अपनी रिपोर्ट में यह अनुमान जताया है। कैट के अनुसार यह अनुमान उसकी शोध इकाई कैट रिसर्च एंड ट्रेड डेवलपमेंट सोसाइटी ने 25 राज्यों के प्रमुख थोक एवं खुदरा बाजारों में 300 से अधिक व्यापारिक नेताओं और 550 प्रमुख व्यापारिक संगठनों के साथ विचार-विमर्श तथा राष्ट्रव्यापी सर्वेक्षण के आधार पर तैयार किए हैं। 15 दिसंबर के बाद एक महीने का मलमास शुरू हो जाता है, जिसमें आमतौर पर कोई शुभ कार्य नहीं होता।

कैट के राष्ट्रीय महामंत्री प्रवीण खंडेलवाल के अनुसार अनुमानित कारोबार के आकार से पता चलता है कि विवाह परंपराएं आज एक सशक्त आर्थिक तंत्र बन चुकी हैं। हर शादी दर्जनों क्षेत्रों में मांग पैदा करती है और छोटे दुकानदारों, थोक व्यापारियों, निर्माताओं, एमएसएमई, कारीगरों, किसानों, परिवहन व्यवसायियों, होटलों, कैटरर्स तथा सेवा प्रदाताओं को आर्थिक अवसर देती है। कैट के अनुसार सामान्य विवाह में लगभग ₹4–5 लाख और प्रीमियम एवं भव्य शादियों में ₹4–5 करोड़ या अधिक का खर्च होता है।

अनुमान के मुताबिक कुल कारोबार में से करीब ₹4.05 लाख करोड़ यानी 54 प्रतिशत वस्तुओं एवं खुदरा व्यापार से और ₹3.45 लाख करोड़ यानी 46 प्रतिशत सेवाओं से होगा। वस्तुओं में आभूषण एवं बहुमूल्य धातुओं का ₹1.20 लाख करोड़, परिधान एवं वस्त्र का ₹90,000 करोड़ तथा उपहार, किराना, इलेक्ट्रॉनिक्स, मिठाइयों और फर्नीचर आदि का कारोबार शामिल है। सेवाओं में कैटरिंग एवं खानपान ₹75,000 करोड़, विवाह स्थल, बैंक्वेट हॉल एवं होटल ₹60,000 करोड़, इवेंट मैनेजमेंट तथा सजावट ₹37,500 करोड़-₹37,500 करोड़ और यात्रा, संगीत, फोटोग्राफी एवं ब्यूटी सेवाओं का कारोबार अनुमानित है।

दिल्ली-एनसीआर में लगभग 5 लाख शादियां होने और करीब ₹2.50 लाख करोड़ का कारोबार होने का अनुमान है, जिससे यह क्षेत्र देश के सबसे बड़े विवाह आधारित कारोबारी केंद्रों में शामिल होगा। चांदनी चौक, खारी बावली, नया बाजार, सदर बाजार, करोल बाग और कनॉट प्लेस सहित कई बाजारों में विवाह संबंधी खरीदारी में तेजी की उम्मीद है। कैट के अनुसार पिछले कुछ वर्षों में विवाह अर्थव्यवस्था लगातार बढ़ी है—2022 में 32 लाख शादियों से ₹3.75 लाख करोड़, 2023 में 38 लाख से ₹4.74 लाख करोड़, 2024 में 48 लाख से ₹5.90 लाख करोड़ और 2025 में 46 लाख शादियों से ₹6.50 लाख करोड़ का कारोबार अनुमानित था।