बृहन्मई नगर निगम (BMC) ने गुरुवार को मुंबई के भिंडी बाजार स्थित मुसाफिरखाना इमारत को गिराने की कार्रवाई शुरू की। यह वही इमारत है जहां कभी अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम अपने परिवार के साथ रहता था और जहां उसने मुंबई में बम धमाकों की साजिश रची थी। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। मुंबई के डीसीपी मनीष कलवानिया ने बताया कि सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं और तोड़फोड़ का काम शांतिपूर्ण ढंग से चल रहा है। उन्होंने कहा कि BMC की पूरी टीम मौके पर मौजूद है और आस-पास के इलाके में किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पर्याप्त पुलिसकर्मी तैनात हैं। फिलहाल कोई समस्या नहीं है।

बता दें कि BMC ने मुसाफिरखाना इमारत और इसी परिसर में स्थित एक मस्जिद को गिराने को लेकर नोटिस जारी किया था। इमारत गिराने के लिए 18 और 19 नवंबर का समय दिया गया था।

मस्जिद के मामले पर AIMIM नेता वारिस पठान ने मौके पर मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि नोटिस के खिलाफ राहत पाने के लिए कानूनी कोशिशें की जा रही हैं। मस्जिद से जुड़े मामले को देख रहे वकील यूसुफ बागवाला ने गुरुवार सुबह 11 बजे मुख्य न्यायाधीश की अदालत में मामला तत्काल रखने के लिए एक वकील नियुक्त किया है ताकि नोटिस पर रोक लगवाई जा सके।

वारिस पठान ने कहा, "हमें उम्मीद है कि इंशाअल्लाह कल हमें यहां से राहत मिल जाएगी। हमें नोटिस पर रोक मिल जाएगी। इसके बाद जो भी आगे की स्थिति होगी हम उसे आपके सामने रखेंगे।" उन्होंने कहा कि हमारा मानना है कि यहां कभी एक मस्जिद थी और यह कयामत के दिन तक कायम रहेगी। हम सब यहां मस्जिद के लिए इकट्ठा हुए हैं, जो अल्लाह का घर है, इसमें किसी का कोई निजी स्वार्थ नहीं है। हम बस यही चाहते हैं कि सरकार जो भी कदम उठाए वह कानून के दायरे में रहकर उठाए और कोई भी गैर-कानूनी काम न करे।

AIMIM नेता ने आगे कहा कि बुलडोजर पॉलिटिक्स नहीं होनी चाहिए। हर किसी को अपना पक्ष रखने का अधिकार है। महाराष्ट्र गजट में दिए गए 15 दिन का समय देने के प्रावधान का पालन किया जाना चाहिए और जस्टिस गवई के फैसले का सम्मान और पालन होना चाहिए।