मुंबई के भिंडी बाजार इलाके में बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) ने गुरुवार सुबह से दाऊद इब्राहिम के पुश्तैनी मकान का जर्जर हिस्सा बुलडोजर से गिराना शुरू किया। BMC के मुताबिक पाकमोडिया स्ट्रीट स्थित मुसफिखाना बिल्डिंग को C-1 श्रेणी में रखा गया था और दीवारों व छत के गिरने का खतरा था। बिल्डिंग में एक मस्जिद भी है, लेकिन BMC ने साफ किया है कि सिर्फ इमारत का जर्जर हिस्सा गिराया जा रहा है, पूरी मस्जिद नहीं। स्थानीय लोगों के विरोध को देखते हुए इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
दाऊद इब्राहिम और उसका गिरोह 1993 के मुंबई बम धमाकों से जुड़े मामले में भारत में वांटेड है। धमाकों के बाद से वह देश छोड़कर भाग गया था। रिपोर्ट्स के अनुसार वह पाकिस्तान में है।
NIA सूत्रों के मुताबिक दाऊद कट्टर इस्लामिक विचारधारा फैलाने वालों की फंडिंग कर रहा है। उसने जाकिर नाइक के इस्लामिक रिसर्च फाउंडेशन (IRF) को बड़ा डोनेशन दिया था। इसकी पुष्टि नाइक के चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर आमिर गजदर ने भी की थी। आमिर ने बताया था कि दाऊद ने एक मीडिएटर सुल्तान अहमद के जरिए यह डोनेशन दिया था। प्रवर्तन निदेशालय (ED) को शक है कि गजदर ने नाइक के NGO के लिए 200 करोड़ से ज्यादा डोनेशन जमा किया है।
जांच एजेंसियों के मुताबिक दाऊद का भाई इकबाल कासकर भारत में उसका सारा काम देख रहा है। वह दाऊद के राइट हैंड छोटा शकील के संपर्क में था। इकबाल ठाणे के बिल्डर सुरेश देवीचंद मेहता की शिकायत के बाद जेल में है। उसके साथ उसके दो गुर्गों मुमताज शेख और इसरार अली को भी पहले ठाणे पुलिस और फिर ED ने अरेस्ट किया है।
