बदायूं में गंगा एक्सप्रेसवे के किनारे 149.03 करोड़ रुपये की लागत से एक नया औद्योगिक गलियारा विकसित किया जा रहा है। यूपीडा इसे इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग एंड लॉजिस्टिक्स क्लस्टर (आईएमएलसी) के रूप में तैयार करने की योजना बना रहा है। परियोजना के लिए घटपुरी, औरंगाबाद माफी और कुतुबपुर थरा गांवों की करीब 134.5 हेक्टेयर भूमि चिह्नित की गई है, जिसमें से 111.2 हेक्टेयर का अधिग्रहण पूरा हो चुका है। शेष 23.2 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण होना बाकी है, जिसके लिए करीब 500 किसानों की जमीन लेने की प्रक्रिया प्रस्तावित है।

यूपीडा के प्रोजेक्ट मैनेजर संतोष कुमार के अनुसार, अधिग्रहण के बाद औद्योगिक गतिविधियों को आगे बढ़ाने के लिए कैंप कार्यालय तैयार कराया जा रहा है। बुधवार को घटपुरी इंटरचेंज के पास जमीन समतल करने के लिए मिट्टी भराई और बाउंड्री निर्माण की तैयारी चलती देखी गई। शुरुआती निर्माण पूरा होने के बाद अधिकारियों और कर्मचारियों की तैनाती की जाएगी। इसके बाद आंतरिक सड़कों, जल निकासी, बिजली, पानी और दूसरी जरूरी सुविधाओं को विकसित करने का काम आगे बढ़ेगा। यूपीडा की वेबसाइट पर बदायूं नोड का नियोजित क्षेत्रफल 269 एकड़ दर्ज है।

इस औद्योगिक गलियारे की सबसे बड़ी ताकत इसकी भौगोलिक स्थिति है। गंगा एक्सप्रेसवे के घटपुरी इंटरचेंज से इसकी दूरी करीब एक किलोमीटर है, जबकि बरेली-मथुरा राष्ट्रीय राजमार्ग भी नजदीक है। यानी यहां स्थापित होने वाली औद्योगिक इकाइयों को दो प्रमुख मार्गों की कनेक्टिविटी मिलेगी, जिससे कच्चे माल की आपूर्ति और तैयार उत्पादों को दूसरे शहरों तक पहुंचाने में सहूलियत होगी। विनिर्माण इकाइयों के अलावा वेयरहाउस, माल भंडारण, पैकेजिंग और लॉजिस्टिक्स से जुड़ी गतिविधियों के लिए भी यहां संभावनाएं बनेंगी।

बदायूं में बड़े औद्योगिक प्रतिष्ठानों की कमी के चलते स्थानीय युवाओं को रोजगार के लिए बरेली, दिल्ली-एनसीआर और दूसरे औद्योगिक शहरों की ओर जाना पड़ता है। औद्योगिक गलियारा विकसित होने पर उद्योगों में प्रत्यक्ष रोजगार के साथ परिवहन, निर्माण, सुरक्षा, रखरखाव और अन्य सहायक सेवाओं में भी अवसर पैदा हो सकते हैं। हालांकि अभी बाउंड्री और जमीन समतल करने जैसे शुरुआती काम ही चल रहे हैं। निवेशकों की भागीदारी, भूखंडों का विकास और आवंटन इस परियोजना की असली परीक्षा होंगे।