नोएडा के सेक्टर 129 स्थित मैक्स टावर्स में बार की फ्रैंचाइजी दिलाने के नाम पर 48 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पीड़ित शैलेंद्र कुमार वैश ने चार लोगों पर रकम हड़पने का आरोप लगाया है। सेक्टर 126 थाने में बुधवार को मामला दर्ज कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सेक्टर 121 स्थित क्लियो काउंटी सोसायटी में रहने वाले शैलेंद्र कुमार वैश 30 नवंबर 2025 तक एक्साइड इंडस्ट्रीज कंपनी के कार्यालय में जनरल मैनेजर के पद पर कार्यरत थे। जनवरी 2023 में उन्होंने इंस्टाग्राम पर एफटीवी नाम की कंपनी की फ्रैंचाइजी का विज्ञापन देखा था। विज्ञापन में दिए नंबर पर संपर्क करने पर दुष्यंत सिंह नामक व्यक्ति से जानकारी मिली, जिसने खुद को नेशनल सेल्स हेड बताया। उसने शैलेंद्र की मुलाकात काशिफ खान से कराई, जिसने खुद को कंपनी का प्रबंध निदेशक बताया।
इसी दौरान शैलेंद्र का परिचय फाइनेंस कंट्रोलर नवीन आहूजा, निदेशक आशिक अब्बास जिवानी और रुकमणी सिंह से हुआ। आरोप है कि सभी ने दावा किया कि कोलकाता, लखनऊ और अहमदाबाद में उनके आउटलेट हैं। आरोपितों ने शैलेंद्र को मुंबई बुलाकर कार्यालय और प्रमाण पत्र दिखाए। शैलेंद्र ने उन पर विश्वास करते हुए फ्रैंचाइजी लेने के नाम पर विभिन्न माध्यमों से 48 लाख रुपये दे दिए। आरोप है कि न तो उन्हें फ्रैंचाइजी दी गई और न ही रकम लौटाई गई।
पीड़ित ने सेक्टर 126 थाने में कशिफ, रूक्मणी, माइकल एडम और प्रियेश जैन के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। थाना प्रभारी सुमनेश कुमार ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच कराई जा रही है।
