शाहजहांपुर में स्पाइस मनी कंपनी के अभिकर्ता ने कंपनी के 6.49 लाख रुपये हड़पने के लिए खुद की लूट की झूठी कहानी गढ़ी, लेकिन पुलिस जांच में सीसीटीवी फुटेज और पूछताछ से उसका झूठ सामने आ गया। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।
शहर के हद्दफ मुहल्ला निवासी अयाज मोहम्मद स्पाइस मनी कंपनी में अभिकर्ता है। गुरुवार दोपहर उसने पुलिस को सूचना दी कि वह कंपनी के छह लाख 49 हजार रुपये बैंक में जमा करने जा रहा था, तभी ककरा स्थित नगर निगम कार्यालय के पास बाइक सवार बदमाशों ने रुपये लूट लिए। शहर में सरेराह हुई इस लूट की जांच के लिए सीओ सदर के नेतृत्व में चार टीमें लगाई गईं।
जांच में सबसे पहले समय का गणित गड़बड़ निकला। अयाज घर से सुबह 10 बजकर आठ मिनट पर निकला और 10 बजकर 27 मिनट पर अंकित की दुकान पर पहुंचा। वहां से एक किलोमीटर दूर घटनास्थल तक पहुंचने में उसे 36 मिनट लग गए, जबकि यह दूरी सामान्य तौर पर कुछ ही मिनट में तय हो जाती है। घटनास्थल के आसपास लोगों का आना-जाना लगातार हो रहा था, फिर भी किसी ने लूट होते नहीं देखी। सख्ती से पूछताछ में अयाज टूट गया और उसने सच्चाई बता दी।
पुलिस के अनुसार, अयाज ने बताया कि कंपनी ने उसे काम के लिए पहले 10 लाख रुपये की ओवरड्राफ्ट लिमिट दी थी, जिसे बिजनेस कम होने पर घटाकर पांच लाख कर दिया गया। इस बीच उसने कंपनी के रुपये से एक लाख 70 हजार रुपये में एक प्लाट खरीद लिया। लगातार 20-25 हजार रुपये के नुकसान से उस पर करीब पांच लाख रुपये का बोझ हो गया और कलेक्शन हेड रुपये जमा करने का दबाव बना रहे थे। गुरुवार सुबह ओवरड्राफ्ट खत्म करने और कानूनी कार्रवाई की चेतावनी के बाद उसने लूट की झूठी कहानी रची। वह घर से कागज के टुकड़ों से भरा बैग लेकर निकला, अंकित की दुकान पर जानबूझकर बताया कि उसके पास छह लाख 49 हजार रुपये हैं, फिर ककरा पुल पर बैग झाड़ियों में फेंक दिया और सुनसान जगह पर जाकर रोने-चीखने लगा। राहगीरों को लूट की बात बताकर उसने डायल 112 पर सूचना दी। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर झाड़ियों से बैग बरामद किया, जिसमें कागज, पैड और पेन आदि निकले।
