कानपुर के सराफा बाजार में सोने और चांदी की कीमतों में तेज गिरावट दर्ज की गई है। बीते दो महीनों में चांदी 88,000 रुपये प्रति किलो और सोना 24,300 रुपये प्रति दस ग्राम सस्ता हुआ है। गुरुवार को महज 24 घंटे के भीतर सोने में 4,800 रुपये प्रति दस ग्राम और चांदी में 2,800 रुपये प्रति किलो की गिरावट आई। बुधवार को सोना 1,38,500 रुपये प्रति दस ग्राम और चांदी 1,69,800 रुपये प्रति किलो थी, जो गुरुवार को घटकर क्रमश: 1,33,700 और 1,67,000 रुपये प्रति किलो पर आ गई।

नयागंज सराफा बाजार के रवि गुप्ता के अनुसार, चांदी की मौजूदा गिरावट वैश्विक बाजार के लिहाज से असाधारण है। वर्ष 2026 में अपने सर्वोच्च स्तर से चांदी करीब 60 प्रतिशत तक टूट चुकी है, जो 2008 के वैश्विक आर्थिक संकट के दौरान दर्ज 57.6 प्रतिशत की गिरावट से भी अधिक है। स्थानीय बाजार में 10 सितंबर को चांदी 2,45,000 रुपये प्रति किलो थी, जो 19 नवंबर को करीब 1,67,000 रुपये रह गई। इसी तरह सोना 10 सितंबर को 1,58,000 रुपये प्रति दस ग्राम से घटकर 19 नवंबर को करीब 1,33,700 रुपये प्रति दस ग्राम पर आ गया।

गुरुवार की तेज गिरावट से सराफा बाजार के कारोबारियों और निवेशकों की चिंता बढ़ गई है। चौक सराफा के कारोबारी पदम अग्रवाल का कहना है कि कीमती धातुओं में उतार-चढ़ाव अभी बना रह सकता है। उनके अनुसार सहालग की खरीद के लिए यह सुनहरा मौका है, क्योंकि शादी-ब्याह के लिए आभूषण और उपहार खरीदने वाले ग्राहकों को अब पहले की तुलना में कम कीमत चुकानी होगी।