दिल्ली पुलिस की इंटेलिजेंस फ्यूजन एंड स्ट्रैटेजिक ऑपरेशंस (आईएफएसओ) यूनिट ने शेयर बाजार और आईपीओ में मोटा मुनाफा दिलाने का लालच देकर लोगों को ठगने वाले एक अंतरराज्यीय साइबर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने 15 दिन तक विभिन्न राज्यों में अभियान चलाकर सात आरोपियों को गिरफ्तार किया और उनके पास से सात मोबाइल फोन बरामद हुए।

आईएफएसओ के उपायुक्त गौरव त्यागी के मुताबिक, द्वारका निवासी नंदन सिंह नयाल और उनके परिवार के सदस्यों को ‘538 एक्शन प्राइस लैब’ और ‘विक्ट्री पायनियर्स कैपिटल’ नाम के वाट्सएप ग्रुप में जोड़ा गया था। ग्रुप के सदस्य खुद को शेयर बाजार का विशेषज्ञ बताते थे। निवेश संबंधी सलाह, मुनाफे के फर्जी स्क्रीनशाट और आईपीओ में आकर्षक अलॉटमेंट का झांसा देकर उन्होंने पीड़ितों का भरोसा जीता और उन्हें aikyaemerging.com पर निवेश के लिए उकसाया। शिकायतकर्ता और उनके परिवार ने 22 अलग-अलग ट्रांजेक्शन में 67.78 लाख रुपये आरोपियों के बताए बैंक खातों में जमा किए। रकम निकालने की कोशिश करने पर आरोपियों ने पेंडिंग ऑर्डर और अन्य बकाया के नाम पर 1.10 करोड़ रुपये से अधिक की अतिरिक्त मांग की। पीड़ितों ने शक होने पर और रकम देने से मना किया तो आरोपियों ने संपर्क बंद कर दिया।

जांच में पता चला कि ठगी की रकम फर्जी कंपनियों के कई बैंक खातों में भेजी जाती थी। आरोपी हेरफेर किए गए या अन्य लोगों के केवाईसी दस्तावेजों से खाते खुलवाते थे। रकम एटीएम और बेयरर चेक से निकाली जाती या क्रिप्टोकरेंसी में बदली जाती थी। पुलिस ने हजारों लेन-देन की पड़ताल कर मनी ट्रेल के आधार पर आरोपियों की पहचान की।

गिरफ्तार आरोपियों में प्रयागराज का पवन, लखनऊ का मो. इजहार, कानपुर के आर्यन कनौजिया और सानू कठेरिया उर्फ कार्तिक, गुरुग्राम का अंकित उर्फ मोनू तथा दिल्ली के आशबिंद कुमार सिंह उर्फ बास और हेमंत कुमार शाह उर्फ जितेंद्र शामिल हैं। गिरोह में कोई बैंक खाते उपलब्ध कराता था तो कोई अकाउंट किट की डिलीवरी, तकनीकी सहायता और म्यूल अकाउंट की व्यवस्था करता था। हेमंत के मोबाइल से संदिग्ध फर्जी कंपनियों के बैंक खातों से जुड़े डिजिटल साक्ष्य भी मिले हैं।