बरेली जिले के आंवला थाना क्षेत्र के महमूदपुर गांव निवासी नरगिस ने सनातन धर्म अपनाकर अपने प्रेमी आकाश कश्यप से विवाह कर लिया है। युवती ने अपना नाम इच्छा देवी रखा है। सुभाषनगर थाना क्षेत्र के मढ़ीनाथ स्थित श्री अगस्त्य मुनि आश्रम में महंत आचार्य पंडित केके शंखधार ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच शुद्धीकरण प्रक्रिया कराई। आश्रम में युवती ने गोमूत्र ग्रहण किया और गंगाजल व गोमूत्र से आचमन किया गया। इसके बाद उसने बिना रुके तीन बार गायत्री मंत्र का उच्चारण किया। युवती का कहना है कि पिछले चार-पांच वर्षों से उसकी आस्था हिंदू धर्म में है और उसने बिना किसी दबाव के अपनी इच्छा से यह कदम उठाया है।
जानकारी के मुताबिक, नरगिस और आकाश की पहचान करीब डेढ़ साल पहले इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी। युवती ने बताया कि उसने ही पहले आकाश को संदेश भेजकर बातचीत शुरू की थी, जिसके बाद उसने शादी का प्रस्ताव रखा और आकाश ने सहमति दे दी। युवती इंटरमीडिएट तक पढ़ी है, जबकि आकाश हाईस्कूल पास है। युवती पहले भी आकाश के साथ दिल्ली गई थी, जब परिजनों के विरोध के बाद आकाश के परिवार वालों ने उसे वापस भेज दिया था। कुछ समय बाद वह दोबारा आकाश के पास पहुंच गई।
युवती ने बताया कि उसका विवाह आर्य समाज मंदिर, फतेहगंज पश्चिमी में संपन्न हुआ, जिसके संबंध में उसने विवाह प्रमाण-पत्र का हवाला दिया। आकाश ने बताया कि युवती के परिजनों से जान का खतरा होने के चलते वे फिलहाल गांव में न रहकर दिल्ली में रह रहे हैं। वहीं, इच्छा देवी का कहना है कि आकाश के परिवार वालों ने उसे बहू के रूप में स्वीकार कर लिया है।
