भोजपुर जिले के बिलौटी गांव निवासी भरत भूषण तिवारी के एनकाउंटर मामले में पांच महीने से अधिक समय बीतने के बाद भी न्याय न मिलने का आरोप लगाते हुए परिवार ने अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू कर दी है। परिवार का कहना है कि न्याय के लिए सरकार को दी गई 26 नवंबर की समय सीमा समाप्त हो गई, जिसके बाद पहले घर के बाहर और फिर एनएच-922 गोलंबर के पास मां आशा देवी समेत अन्य परिजन अनशन पर बैठ गए।
अनशन के दौरान आशा देवी के हाथ में पेट्रोल और माचिस देखकर प्रशासन में हड़कंप मच गया और सड़क पर आंदोलन से आवागमन भी बाधित हुआ। भूख हड़ताल में भरत तिवारी के पिता काशीनाथ तिवारी, भाई चंदन तिवारी और भाभी सुमन देवी समेत अन्य परिजन शामिल रहे। परिवार ने वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए न्याय मिलने तक अनशन जारी रखने और जरूरत पड़ने पर आत्मदाह जैसा कदम उठाने की चेतावनी दी है। आशा देवी ने आरोप लगाया कि घटना में शामिल लोग परिवार को धमका रहे हैं।
परिवार ने सभी नामजद आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी, निष्पक्ष जांच, स्पीडी ट्रायल के जरिए दोषियों को फांसी की सजा, भरत तिवारी को शहीद का दर्जा और घटनास्थल पर स्मारक या पार्क बनाने की मांग की है। धरना स्थल पर पहुंचे पूर्णिया के सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने परिजनों से मुलाकात कर साथ देने का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि पांच महीने बाद भी इंसाफ न मिलना विश्वासघात है और यह पांचवीं बार है जब वे परिवार के बीच पहुंचे हैं। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट जाने, सीबीआई जांच कराने, दोषी अधिकारियों को बर्खास्त करने, आदेश देने वालों की जवाबदेही तय करने और सभी नामजद आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग की। साथ ही उन्होंने भाजपा सांसद मनोज तिवारी समेत कुछ नेताओं पर राजनीतिक लाभ और जातिगत समीकरण के लिए साथ खड़े होने व बाद में दूरी बनाने का आरोप लगाया।
बता दें कि 17 जून को शाहपुर थाना क्षेत्र के बिलौटी गांव में कथित पुलिस एनकाउंटर में घायल भरत भूषण तिवारी की अस्पताल में मौत हो गई थी, जबकि परिजनों का आरोप है कि हथियार फेंकने के बावजूद उन्हें गोली मारी गई। 24 जुलाई को पटना में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात के बाद न्यायिक जांच की अंतरिम रिपोर्ट के आधार पर आर्थिक सहायता और एक परिजन को सरकारी नौकरी देने का आश्वासन मिला था, जिस पर अब तक अमल नहीं हुआ है। मामले में न्यायिक जांच आयोग के समक्ष 11 लोगों की गवाही, सीआईडी जांच और तत्कालीन एसडीपीओ राजेश शर्मा, तत्कालीन थानाध्यक्ष राजेश मालाकार समेत अन्य पुलिसकर्मियों पर हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई। इसके बावजूद परिवार और पप्पू यादव के अनुसार अब तक केवल एसटीएफ सिपाही अक्षय की गिरफ्तारी हो सकी है और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
