लखनऊ के किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (केजीएमयू) में रैगिंग से जुड़ा एक वीडियो सामने आने के बाद प्रशासन ने 38 एमबीबीएस छात्रों के खिलाफ कार्रवाई की है। इन सभी छात्रों को तीन महीने के लिए निलंबित करते हुए क्लास और हॉस्टल से बाहर कर दिया गया है। प्रशासन की ओर से जारी आदेश के अनुसार हर दोषी छात्र पर 25-25 हजार रुपये का आर्थिक जुर्माना भी लगाया गया है और एक साल तक उनकी स्कॉलरशिप रोक दी गई है।
वायरल वीडियो में जूनियर छात्र-छात्राएं कतार में खड़े होकर सीनियर्स को 'प्रणाम महोदय' और 'प्रणाम मैडम' कहते नजर आ रहे थे। एंटी रैगिंग कमेटी की जांच में सामने आया कि सीनियर छात्र रात करीब 12 से 2 बजे तक जूनियर्स को जगाकर रखते थे और वीडियो कॉल पर परेशान करते थे। आरोप है कि उन्हें गानों पर डांस करने के लिए मजबूर किया जाता था और मना करने पर गाली-गलौज की जाती थी। जांच में यह भी सामने आया कि एमबीबीएस 2026 बैच के दो जूनियर छात्र सीनियर्स की इस रैगिंग में मदद कर रहे थे। कार्रवाई में 2025 बैच के 36 और 2026 बैच के 2 छात्र शामिल हैं।
एंटी रैगिंग कमेटी ने मामले की जांच की और 19 नवंबर की बैठक में जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई पर सहमति बनी। कुलपति की मंजूरी के बाद निलंबन और जुर्माने का आदेश जारी किया गया। केजीएमयू प्रवक्ता डॉ. केके सिंह ने स्पष्ट किया कि जूनियर छात्रों को डराने या अपमानित करने वाली किसी भी घटना पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने छात्रों से अपील की कि रैगिंग की सूचना तत्काल एंटी रैगिंग कमेटी या प्रशासन को दें।
