बदायूं के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में एक मैरिज लॉन के बाहर बरात के कारण लगे भारी जाम में एंबुलेंस करीब एक घंटे तक फंसी रही। एंबुलेंस में सवार लिवर की बीमारी से पीड़ित महिला को बरेली ले जाया जा रहा था, जहां उपचार से पहले उसकी मौत हो गई। पति ने लॉन में पर्याप्त पार्किंग न होने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि शिकायत मिली है और जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के शहीद भगत सिंह चौकी क्षेत्र में स्थित एक मैरिज लॉन के बाहर यह घटना बताई जाती है। क्षेत्र की निवासी किरन लिवर की बीमारी से पीड़ित थीं और उनका इलाज बरेली में चल रहा था। बीती रात अचानक तबीयत बिगड़ने पर पति भूपेंद्र ने उन्हें अस्पताल पहुंचाने के लिए निजी एंबुलेंस बुलवाई।

भूपेंद्र के मुताबिक, रात करीब नौ बजे एंबुलेंस बरेली-बदायूं हाईवे पर पहुंची, जहां बरात के कारण यातायात बाधित था। मैरिज लॉन के बाहर बरात चढ़ रही थी, बराती सड़क पर नाच रहे थे और दोनों तरफ खड़ी गाड़ियों से रास्ता बंद था। चालक ने निकलने की कोशिश की, लेकिन जगह नहीं मिली। परिजन मरीज को जल्द अस्पताल पहुंचाने की गुहार लगाते रहे। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद एंबुलेंस जाम से बाहर निकल सकी, लेकिन बरेली पहुंचने पर किरन को बचाया नहीं जा सका।

पति ने आरोप लगाया कि मैरिज लॉन में पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था न होने से सड़क पर वाहनों का दबाव बढ़ा और एंबुलेंस को रास्ता नहीं मिला। उन्होंने लॉन संचालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। बताया जाता है कि शुक्रवार को भूपेंद्र ने पुलिस को शिकायत दी। पुलिस के अनुसार, बरात के दौरान मैरिज लॉन से चौकी तक यातायात प्रभावित रहा था और महिला की मौत के संबंध में शिकायत मिली है। मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।