अमेठी के शिवरतनगंज थाना क्षेत्र के गौंडा गांव में 8 वर्षीय आयुष को पुलिस ने करीब एक घंटे की तलाश के बाद धान के पुआल के ढेर से सकुशल बरामद कर लिया। बच्चा बोरियों के पीछे सोता हुआ मिला और उसे उसकी मां लक्ष्मी के सुपुर्द कर दिया गया।

जानकारी के मुताबिक, गांव निवासी लवली ने 28 नवंबर की रात 12:22 बजे यूपी 112 पर कॉल कर अपने 8 वर्षीय भाई आयुष के लापता होने की सूचना दी। परिवार के लोग शाम से ही बच्चे की तलाश कर रहे थे, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल रहा था। किसी अनहोनी की आशंका से परेशान परिजनों ने पुलिस से मदद मांगी।

सूचना मिलते ही पीआरवी 112 ने स्थानीय थाने को अलर्ट किया और शिवरतनगंज पुलिस की टीम ने गांव में तलाश शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. ने खुद कमान संभाली और टीम को बच्चे की जल्द बरामदगी के निर्देश दिए। तलाश के दौरान जब कोई सुराग नहीं मिला, तो एसपी ने गांव में अलग-अलग जगह रखे धान के पुआल के ढेरों में खोजबीन करने को कहा। पुलिस टीम ने पुआल के ढेर की तलाशी ली तो बोरियों के पीछे आयुष गहरी नींद में सोता हुआ मिला।

पुलिस ने सूचना मिलने के करीब एक घंटे के भीतर आयुष को सकुशल बरामद कर उसकी मां लक्ष्मी के सुपुर्द कर दिया। बच्चे को सही-सलामत देखकर परिजनों ने राहत की सांस ली। पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. ने बताया कि 'ऑपरेशन मुस्कान' के तहत गुमशुदा बच्चों की तत्काल तलाश करना पुलिस की प्राथमिकता है और बिछड़े बच्चे को सुरक्षित उसके परिवार से मिलाना एक सुखद अनुभव है।