शिमला: हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले में रिकांग पिओ स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय के एक छात्र के साथ मारपीट का वीडियो सामने आने के बाद जिला प्रशासन ने कार्रवाई की है। अधिकारियों ने मामले में छह छात्रों को निलंबित कर दिया है। किन्नौर की डिप्टी कमिश्नर सोनाक्षी तोमर ने बताया कि विद्यालय के प्रधानाचार्य को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है और घटना के समय ड्यूटी पर तैनात शिक्षकों तथा वार्डन की जिम्मेदारी और स्कूल प्रबंधन की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

डीसी ने बताया कि शिक्षा विभाग और बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) की टीमों ने प्रारंभिक जांच के लिए विद्यालय का दौरा किया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है। उन्होंने कहा कि पीड़ित छात्र और उसके माता-पिता को परामर्श दिया जा रहा है।

एक मिनट तीन सेकंड के वीडियो में छात्र को लात और घूंसों से पीटते हुए देखा जा सकता है। पहले उसे जबरन बिस्तर पर गिराया जाता है और फिर फर्श पर पटक दिया जाता है। वीडियो में हमलावर छात्रों को गाली देते और धमकियां देते हुए भी सुना जा सकता है। वीडियो में मारपीट करने वाले छात्र 11वीं और 12वीं कक्षा के हैं। कथित तौर पर सितंबर में हुई इस घटना का वीडियो गुरुवार को वायरल हुआ।

अधिकारियों के अनुसार, प्रशासन इस बात की भी जांच कर रहा है कि स्कूल परिसर के भीतर छात्रों को फोन ले जाने की अनुमति कैसे मिली। इसके अलावा बिना अनुमति के छात्रों के स्कूल परिसर से बाहर जाने सहित कुछ अन्य अनियमितताएं भी सामने आई हैं। सूत्रों के मुताबिक, पीड़ित छात्र का कुछ दिन पहले एक अन्य छात्र के साथ कथित तौर पर झगड़ा हुआ था, हालांकि इस हमले के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस अधीक्षक सुशील शर्मा ने बताया कि मारपीट में शामिल छात्र नाबालिग हैं, इसलिए पुलिस समिति के निष्कर्षों का इंतजार कर रही है।