बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों को सर्चिंग अभियान के दौरान बड़ी सफलता मिली है। भैरमगढ़ थाना क्षेत्र में इन्द्रावती नदी के आसपास के जंगल में जमीन के अंदर छिपाया गया माओवादी डंप बरामद किया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस डंप से 3.84 किलोग्राम (330 तोला) सोना और 24 लाख 22 हजार 500 रुपये नकद बरामद हुए हैं। यह कार्रवाई डीआरजी, थाना भैरमगढ़ और बीडीएस टीम के संयुक्त अभियान में की गई।
अधिकारियों ने बताया कि भैरमगढ़ से लगभग 8 से 10 किलोमीटर दूर इन्द्रावती नदी के पास जंगल में चिन्हित स्थान पर सर्चिंग की गई थी। बीडीएस टीम ने डिमाइनिंग और तलाशी की कार्रवाई करते हुए जमीन के अंदर छिपाकर रखा गया एक स्टील का डिब्बा बरामद किया। डिब्बे में 33 सोने के बिस्किट मिले, जिनमें से प्रत्येक का वजन 10 तोला है। इनकी अनुमानित कीमत करीब चार करोड़ उनतीस लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा टेप से लिपटे पैकेट में 500-500 के नोटों के बंडल भी मिले।
बरामद नकदी और सोने के संबंध में थाना भैरमगढ़ में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, डीआरजी, एसटीएफ, कोबरा और सीआरपीएफ के संयुक्त प्रयासों से लगातार की जा रही कार्रवाई के परिणामस्वरूप बीजापुर क्षेत्र के विभिन्न स्थानों से अब तक कुल आठ करोड़ चौबीस लाख तैंतीस हजार तीन सौ रुपये नकद और 12.34 किलोग्राम सोना बरामद किया जा चुका है।
