पश्चिम बंगाल की राजनीति में नया सियासी समीकरण बन रहा है। ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस (TMC) का मजबूत गढ़ माने जाने वाले ग्रामीण इलाकों में नेशनलिस्ट सिटिजन्स पार्टी ऑफ इंडिया (NCPI) तेजी से अपनी पकड़ बना रही है। पार्टी से सायोनी घोष, सुदीप बंद्योपाध्याय, शताब्दी रॉय और यूसुफ पठान जैसे चर्चित नेता जुड़ चुके हैं। तृणमूल के 20 बागी सांसदों के NCPI में शामिल होने के बाद अब पंचायत स्तर पर भी पार्टी का विस्तार हो रहा है। उत्तर बंगाल से लेकर दक्षिण बंगाल तक कई पंचायत प्रतिनिधियों के पाला बदलने से ममता बनर्जी के सामने संगठनात्मक चुनौती खड़ी हो गई है।

NCPI केंद्र में सत्तारूढ़ राजग का हिस्सा है। पार्टी ने उत्तर बंगाल के इस्लामपुर और गोलपोखर से लेकर दक्षिण बंगाल के मिनाखां और संदेशखाली तक तृणमूल के कई स्थानीय जनप्रतिनिधियों को अपने पाले में कर लिया है। NCPI के प्रवक्ता अनुराग सिंह ने कहा कि पार्टी पूरे राज्य में अपनी संगठनात्मक उपस्थिति बढ़ा रही है और उसे उम्मीद है कि वह और अधिक स्थानीय निकायों पर नियंत्रण हासिल कर लेगी। उन्होंने कहा, "हम बंगाल में कई जगहों पर, पंचायतों सहित, बोर्ड बनाने में सफल रहे हैं। आने वाले दिनों में हम और भी बोर्ड बनाएंगे।"

तृणमूल ने आरोप लगाया कि भाजपा ने पार्टी को निशाना बनाने के लिए कई राजनीतिक समूहों को मैदान में उतारा है। भाजपा का कहना है कि तृणमूल सदस्य NCPI में शामिल हों या कहीं और जाएं, यह उनका अपना फैसला है। तृणमूल की बशीरहाट संसदीय क्षेत्र इकाई में सबसे बड़ी बगावत देखने को मिली, जहां NCPI का दावा है कि उसने तृणमूल से 13 ग्राम पंचायतों और दो पंचायत समितियों का नियंत्रण अपने हाथ में ले लिया है। NCPI के मुताबिक मीनाखान में तृणमूल के नियंत्रण वाली पंचायत समिति के 23 सदस्यों में से उपाध्यक्ष सहित 13 सदस्य अब उससे जुड़ गए हैं। पड़ोसी कुल्टी ग्राम पंचायत में उप-प्रधान सहित 20 में से 13 सदस्यों ने भी NCPI का दामन थाम लिया है।

संदेशखाली में भी व्यापक संगठनात्मक बदलाव देखने को मिले हैं। तृणमूल से NCPI में शामिल होने की घटना कोलकाता के कासबा में भी देखने को मिली। उत्तर दिनाजपुर जिले की गोलपोखर-द्वितीय पंचायत समिति में अध्यक्ष समेत 16 सदस्य NCPI में शामिल हो गए हैं। तृणमूल ने NCPI को भाजपा के मोहरे के तौर पर काम करने का आरोप लगाया है। तृणमूल कांग्रेस विधायक कुणाल घोष ने कहा, "भाजपा अपनी बी-टीम और सी-टीम ला रही है। जो 20 लोग दिल्ली गए हैं, वे भाजपा के एजेंट हैं। यहां से जो लोग दल बदलकर गए हैं, वे भी भाजपा के एजेंट ही हैं।" माकपा केंद्रीय समिति के सदस्य सुजन चक्रवर्ती ने भी आरोप लगाया कि NCPI का सा...