केंद्र सरकार ने असम के सिलचर में नया एयरपोर्ट बनाने को मंजूरी दे दी है। इसकी अनुमानित लागत 2,014 करोड़ रुपये है। यह एयरपोर्ट सिलचर के डोलू इलाके में बनेगा। व्यस्त समय में यह 800 यात्रियों को संभाल सकेगा और साल में करीब 10.1 लाख यात्री आ सकेंगे। अभी सिलचर एयरपोर्ट का मालिकाना हक वायुसेना और एयरपोर्ट अथॉरिटी के पास है और नागरिक उड़ानें 70 एकड़ वाले हिस्से से चलती हैं। नया एयरपोर्ट बराक घाटी और आसपास के पूर्वोत्तर इलाकों को हवाई कनेक्शन देगा और पर्यटन को भी बढ़ावा देगा। पूरा पैसा एयरपोर्ट अथॉरिटी अपने आंतरिक संसाधनों से देगी।
वहीं, उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले सपा और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे का विवाद बढ़ गया है। सपा ने पांच उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी है, जिसमें सहारनपुर की दो सीटें भी शामिल हैं। इससे कांग्रेस सांसद इमरान मसूद नाराज हो गए हैं।
मसूद ने कहा कि मायावती बहुत बड़ी नेता हैं और वे चाहते हैं कि बहन जी कांग्रेस के साथ आएं। उन्होंने कहा कि उन्होंने कभी मना नहीं किया। साथ ही साफ किया कि गठबंधन का फैसला मायावती को ही करना है। मसूद ने सपा पर सवाल उठाया कि बातचीत चल रही है तो उम्मीदवारों की लिस्ट क्यों निकाली जा रही है। उन्होंने कहा कि वे पार्टी नेतृत्व से चर्चा करेंगे कि सपा के साथ सीट बंटवारे की बात आगे बढ़ानी चाहिए या नहीं।
