उत्तराखंड सरकार ने विधानसभा चुनाव से पहले प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल किया है। बुधवार देर रात जारी आदेशों के तहत 18 आईपीएस और 12 आईएएस अधिकारियों समेत कुल 34 अधिकारियों के दायित्व बदले गए हैं। इनमें पीसीएस और सचिवालय सेवा के दो-दो अधिकारी भी शामिल हैं। यह फेरबदल निर्वाचन आयोग के उस निर्देश के अनुपालन में किया गया है, जिसमें 30 नवंबर तक एक ही स्थान पर लंबे समय से तैनात कार्मिकों के स्थानांतरण के आदेश राज्य सरकार को दिए गए थे।
छह जिलों में नए पुलिस कप्तान तैनात किए गए हैं। मणिकांत मिश्रा को ऊधमसिंह नगर, देवेंद्र पींचा को पौड़ी, अर्पण यदुवंशी को नैनीताल, सरिता डोबाल को टिहरी, अमित श्रीवास्तव द्वितीय को चमोली और जगदीश चंद्र को बागेश्वर का पुलिस कप्तान बनाया गया है। इसके अलावा कई अन्य आईपीएस अधिकारियों को सेनानायक और पुलिस अधीक्षक के पदों पर नई तैनाती दी गई है। नैनीताल के कप्तान मंजूनाथ टीसी को 31वीं वाहिनी पीएससी रुद्रपुर, टिहरी की एसएसपी श्वेता चौबे को आईआरबी द्वितीय, पौड़ी के एसएसपी सर्वेश पंवार को सुरक्षा अभिसूचना मुख्यालय और ऊधमसिंह नगर के एसएसपी अजय गणपति को एसडीआरएफ का सेनानायक बनाया गया है।
शासन स्तर पर भी 17 अधिकारियों के विभागों में बदलाव किए गए हैं। प्रमुख सचिव एलएन फैनई को आबकारी का जिम्मा दिया गया है, जबकि सचिव दिलीप जावलकर से वित्त की जिम्मेदारी वापस ली गई है। डॉ. रंजीत कुमार सिन्हा को आयुष एवं आयुष शिक्षा तथा बृजेश कुमार संत को खेल एवं युवा कल्याण विभाग का दायित्व सौंपा गया है। डॉ. आर. राजेश कुमार को सचिव व महानिदेशक खनन की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा युगल किशोर पंत को तकनीकी शिक्षा, रंजना राजगुरू को नियोजन, रीना जोशी को श्रम और विनीत कुमार को अपर सचिव जलागम व अल्पसंख्यक कल्याण का जिम्मा दिया गया है।
अन्य तैनातियों में मनुज गोयल को अपर सचिव वित्त, मेहरबान सिंह बिष्ट को गृह और अभिनव शासन को अपर सचिव सहकारिता बनाया गया है। आईपीएस व विशेष प्रमुख सचिव अमित सिन्हा से खेल एवं युवा कल्याण का पदभार वापस लिया गया है। पीसीएस अधिकारियों में बीएस चलाल को निदेशक दुग्ध विकास व निदेशक डेयरी तथा इलागिरी को अपर आयुक्त नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले व महिला की जिम्मेदारी दी गई है। सचिवालय सेवा से गरिमा रौंकली को अपर सचिव वन बनाया गया है, जबकि विक्रम सिंह यादव से अल्पसंख्यक कल्याण विभाग वापस लिया गया है।
