कांग्रेस ने बुधवार को परिसीमन संबंधी विधेयक के मुद्दे पर नरेंद्र मोदी सरकार पर तंज कसा। पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि 'स्वयंभू चाणक्य' ने लोकसभा में दो-तिहाई बहुमत पाने के लिए कौटिल्य के 'साम, दाम, दंड, भेद' सिद्धांत के आखिरी तीन तरीके अपनाए, लेकिन सफलता नहीं मिली। रमेश ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने पिछले सात महीनों में चार बार प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर संवाद का रास्ता सुझाया, लेकिन इन पत्रों की सामान्य पावती भी नहीं दी गई। 'स्वयंभू चाणक्य' से रमेश केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की ओर इशारा करते हैं। कांग्रेस ने सोमवार को दावा किया था कि संसद सत्र को लेकर अनिश्चितता से संकेत मिलता है कि प्रधानमंत्री और गृह मंत्री की जोड़ी अपने ही दावों के जाल में फंस गई है या कोई खतरनाक साजिश चल रही है। पिछले सप्ताह कांग्रेस ने कहा था कि मॉनसून सत्र अनिश्चितकाल के लिए स्थगित हुए 100 दिन हो चुके हैं, जबकि सरकार परिसीमन विधेयक पारित कराने के लिए दो-तिहाई बहुमत जुटाने में लगी है। रमेश ने कहा था कि देश के हित में लोकसभा की मौजूदा सदस्य संख्या और राज्यों के सीट आवंटन को बरकरार रखा जाए तथा महिलाओं के लिए एक-तिहाई आरक्षण लागू किया जाए। इस बीच, सरकार अगले महीने 15 दिसंबर से संसद का शीतकालीन सत्र बुला सकती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंत्रिमंडल के सहयोगियों से कहा है कि वे अगले सत्र की तैयारियां 15 दिसंबर से पहले पूरी कर लें और इस दौरान विदेश यात्रा से बचें। संसदीय मामलों की कैबिनेट समिति सत्र की तारीखें और अवधि तय कर सकती है। इस सत्र में परिसीमन से जुड़ा महिला आरक्षण विधेयक मुख्य आकर्षण हो सकता है, और सरकार लोकसभा व विधानसभा सीटों के संभावित पुनर्वितरण पर चर्चा की तैयारी भी कर रही है।