संविधान दिवस के अवसर पर 26 नवंबर को भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस देशभर में अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित करेंगी। भाजपा की ओर से अहमदाबाद, नई दिल्ली और पटना में कार्यक्रम होंगे, जिनमें संविधान के महत्व और डॉ. भीमराव आंबेडकर के योगदान को याद किया जाएगा। पार्टी के वरिष्ठ नेता जेपी नड्डा, अमित शाह और राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन संविधान गौरव दिवस के कार्यक्रमों को संबोधित करेंगे।
दिल्ली में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह दोपहर 3:30 बजे डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी सिविक सेंटर में कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। इससे पहले भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन दोपहर तीन बजे पटना के गांधी मैदान स्थित ज्ञान भवन सभागार में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा अहमदाबाद में दो कार्यक्रमों में शामिल होंगे। वह दोपहर 3:55 बजे सारंगपुर में डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे और शाम 4:30 बजे पालडी स्थित टैगोर हॉल में जनसभा को संबोधित करेंगे।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे 26 नवंबर को दोपहर 12:40 बजे लखनऊ पहुंचेंगे। यहां वह आंबेडकर महासभा में डॉ. आंबेडकर के अस्थि कलश पर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद दोपहर एक बजे उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे और कांग्रेस के संविधान रक्षा मार्च में हिस्सा लेंगे।
देश में हर साल 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाया जाता है। इसी दिन 1949 में संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अपनाया था, जबकि संविधान 26 जनवरी 1950 को लागू हुआ था। संविधान दिवस के मौके पर भाजपा संविधान गौरव दिवस के कार्यक्रम आयोजित कर रही है, जबकि कांग्रेस संविधान रक्षा मार्च निकाल रही है।
