मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी के मौके पर उनके पैतृक गांव नदावां में घुड़दौड़ प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में देश के अलग-अलग हिस्सों से करीब 200 घोड़े पहुंचे थे। आयोजन क्वालीफाइंग राउंड, सेमीफाइनल और फाइनल के तीन चरणों में होना था। विजेता के लिए महिंद्रा थार कार इनाम में रखी गई थी, जिससे मुकाबले को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखा गया।
शुरुआती मुकाबलों के बाद फाइनल के करीब आते-आते मैदान में दर्शकों की संख्या लगातार बढ़ती गई। आसपास के इलाकों से भी बड़ी संख्या में लोग नदावां पहुंच गए। भीड़ इतनी बढ़ गई कि घोड़ों की दौड़ के लिए जरूरी जगह कम पड़ने लगी और मुकाबला कराना जोखिम भरा हो गया। आयोजकों के सामने भीड़ को संभालने और प्रतियोगिता जारी रखने की चुनौती खड़ी हो गई।
स्थिति को देखते हुए अनंत सिंह खुद मैदान में पहुंचे और माइक संभाला। उन्होंने लोगों को बताया कि अत्यधिक भीड़ के कारण फिलहाल घुड़दौड़ का आयोजन नहीं कराया जा सकता और फाइनल मुकाबला स्थगित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह मुकाबला अब कल हो सकता है। साथ ही लोगों से आराम से मैदान में घूमने और व्यवस्था बनाए रखने की बात कही।
आयोजकों के मुताबिक, फाइनल मुकाबला रद नहीं किया गया है और इसे बाद में कराया जाएगा। विजेता को मिलने वाली महिंद्रा थार अब भी प्रतियोगिता का सबसे बड़ा आकर्षण बनी हुई है। प्रतियोगिता से पहले दो दिन तक हुई बारिश से पंडाल और घुड़दौड़ ट्रैक की तैयारियां प्रभावित हुई थीं, जिसके बाद आयोजकों ने बालू डालकर और जरूरी इंतजाम कर ट्रैक को दोबारा तैयार कराया था। अब घुड़सवारों और दर्शकों की निगाहें फाइनल की अगली तारीख पर टिकी हैं।
