बेंगलुरु में रविवार शाम पुलिस ने आंध्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष वाईएस शर्मिला और उनकी मां वाईएस विजयलक्ष्मी को उस समय रोक दिया, जब वे शहर स्थित अपने पारिवारिक बंगले की ओर जा रही थीं। पुलिस ने यह कार्रवाई कानून-व्यवस्था और अदालत के आदेश का हवाला देते हुए की।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि शर्मिला बंगले की ओर जा रही हैं। अदालत के एक आदेश के तहत उनके इस बंगले में प्रवेश पर रोक है। अधिकारी ने बताया कि उनकी सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को देखते हुए अधिकारियों की एक टीम ने शाम करीब साढ़े छह बजे उन्हें रोक लिया।

शर्मिला वाईएसआर कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष वाईएस जगन मोहन रेड्डी की बहन हैं और वर्तमान में जगन मोहन रेड्डी इसी पारिवारिक बंगले में रहते हैं। रविवार शाम वे अपनी मां के साथ केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से निकलकर बंगले की ओर जा रही थीं, तभी बेंगलुरु मेन रोड पर तैनात पुलिस टीम ने उनका वाहन रोक लिया।

गाड़ी रोके जाने के दौरान मौके पर काफी देर तक हंगामा चलता रहा। शर्मिला ने दावा किया कि उनका इरादा बंगले के अंदर जाने का नहीं था, बल्कि वे उसके पास से गुजरते हुए थानिसांद्रा मेन रोड स्थित एक फाइव-स्टार होटल जा रही थीं। हालांकि, पुलिस अधिकारियों ने उन्हें बताया कि वे जिस रास्ते का इस्तेमाल कर रही हैं, वह होटल जाने का मुख्य मार्ग नहीं है। काफी समझाइश के बाद पुलिस ने उन्हें बंगले वाले रास्ते से बचाते हुए दूसरे मार्ग से आगे भेज दिया।