भागलपुर जिला शिक्षा विभाग में लंबित कार्यों के त्वरित निष्पादन के लिए जिलाधिकारी अलंकृता पांडेय के निर्देश पर जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) मुकेश कुमार ने तीनों जिला कार्यक्रम पदाधिकारियों (डीपीओ) के बीच विभागीय कार्यों और शाखाओं का औपचारिक बंटवारा कर दिया है।

विभागीय आदेश के अनुसार, महेश प्रसाद को जिला कार्यक्रम पदाधिकारी स्थापना तथा समग्र शिक्षा अभियान (एसएसए) का प्रभार दिया गया है। रजनीश कुमार झा को मध्याह्न भोजन योजना (एमडीएम) और योजना एवं लेखा शाखा की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि नीलम राज को माध्यमिक शिक्षा, साक्षरता के साथ-साथ उच्च शिक्षा का प्रभार दिया गया है। इस बंटवारे से सभी शाखाओं में अधिकारियों की जवाबदेही तय हो गई है।

गौरतलब है कि पूर्व में जिला शिक्षा विभाग में 98.12 लाख रुपये के गबन का मामला सामने आने के बाद तत्कालीन डीईओ और डीपीओ को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया था। इस कार्रवाई के बाद सरकार और विभाग ने जिले में नए प्रशासनिक और शिक्षा पदाधिकारियों की तैनाती की थी। नवनियुक्त डीईओ मुकेश कुमार के पदभार ग्रहण करने के बाद पिछले करीब एक महीने से कार्यों का स्पष्ट और लिखित बंटवारा न होने के कारण कई महत्वपूर्ण योजनाएं और शिक्षकों से जुड़े मामले लंबित पड़े थे।

अब सभी तीनों डीपीओ को उनके प्रभार आवंटित हो जाने के बाद स्थापना, समग्र शिक्षा, मध्याह्न भोजन और माध्यमिक शिक्षा समेत सभी शाखाओं में कामकाज में तेजी आने की उम्मीद है। इसके साथ ही लंबे समय से अटकी फाइलों और लंबित मामलों के निष्पादन का रास्ता भी साफ हो गया है।