केंद्र सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए भिवानी जिले के सैकड़ों किसान किसान आंदोलन की छठी वर्षगांठ पर वीरवार सुबह टिकरी बॉर्डर के लिए रवाना हुए। संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर अखिल भारतीय किसान सभा के नेतृत्व में किसान सीटी रेलवे स्टेशन पर एकत्र हुए और किसान एक्सप्रेस से टिकरी बॉर्डर की ओर गए।

कार्यक्रम की अध्यक्षता किसान सभा के जिला प्रधान रामफल देशवाल ने की। इस दौरान जिला सचिव मास्टर जगरोशन और जिला उपप्रधान कामरेड ओम प्रकाश ने किसानों को संबोधित किया। किसान नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने नौ दिसंबर 2021 को संयुक्त किसान मोर्चा को लिखित आश्वासन दिया था, लेकिन लगभग पांच वर्ष बीतने के बावजूद मांगें पूरी नहीं हुईं।

किसानों की प्रमुख मांगों में एमएसपी की कानूनी गारंटी, स्वामीनाथन आयोग के अनुसार फसलों के भाव तय करना, बिजली संशोधन बिल वापस लेना और किसानों को कर्जमुक्त करना शामिल है। किसान नेताओं का कहना है कि सरकार ने आंदोलन के दौरान किसानों पर दर्ज मुकदमे समाप्त करने और शहीद किसानों के परिवारों को मुआवजा देने का भी आश्वासन दिया था।

इस अवसर पर करण सिंह जैनवास, नरेन्द्र डाडम, मीर सिंह, मंदरूप यादव, दलबीर चैहड़, राजेश कुंगड़, रामोतार बलियाली, प्रताप सिंह सिंहमार और करतार ग्रेवाल मौजूद रहे।