झारखंड हाई कोर्ट ने झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) की परीक्षाओं में कथित अनियमितता के मामले में आरोपित पूर्व मुख्य सचिव एवं जेपीएससी के पूर्व अध्यक्ष एल खियांग्ते की जमानत याचिका पर गुरुवार को सुनवाई की। अदालत ने सीआईडी को नौ दिसंबर तक जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया है, जबकि याचिकाकर्ता को 14 दिसंबर तक सीआईडी के जवाब पर प्रति उत्तर देना होगा। मामले की अगली सुनवाई 16 दिसंबर को निर्धारित की गई है।
इससे पहले सीआईडी कोर्ट ने खियांग्ते की जमानत याचिका खारिज कर दी थी, जिसके बाद उन्होंने हाई कोर्ट में याचिका दाखिल कर उस आदेश को चुनौती दी है। सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ता की ओर से दलील दी गई कि उनके खिलाफ कोई ठोस साक्ष्य नहीं है और जांच एजेंसी की छापेमारी में भी उनके विरुद्ध कोई आपत्तिजनक साक्ष्य नहीं मिला है।
सीआईडी ने खियांग्ते की भूमिका को संदिग्ध बताते हुए कहा कि परीक्षा आयोजन की जिम्मेदारी टीडीपीएल को सौंपने में उनकी अहम भूमिका थी। एजेंसी के अनुसार, टीडीपीएल की ओर से आयोजित परीक्षाओं में पारदर्शिता नहीं बरती जा रही थी और इसकी जानकारी तत्कालीन अध्यक्ष को भी थी, फिर भी उन्होंने कोई कार्रवाई नहीं की। जांच में उन पर टीडीपीएल से कथित तौर पर दो करोड़ रुपये कमीशन लेने का आरोप भी लगाया गया है।
जेपीएससी परीक्षा में कथित अनियमितता को लेकर सीआईडी ने मामला दर्ज किया है। इसी मामले की जांच के दौरान एजेंसी ने खियांग्ते को गिरफ्तार किया था और रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई थी। तब से वह जेल में बंद हैं। इस मामले में अब तक तीन दर्जन से अधिक लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। जेपीएससी नियुक्ति घोटाले के कथित मुख्य आरोपी अभय तिवारी के स्वीकारोक्ति बयान को भी अहम माना जा रहा है, जिसमें उसने सीआईडी अधिकारियों के समक्ष जेपीएससी के तत्कालीन अध्यक्ष की भूमिका का उल्लेख किया है।
