केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन ने गुरुवार को जम्मू पहुंचकर जम्मू-कश्मीर की सुरक्षा स्थिति की समीक्षा के लिए एक उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता की। अधिकारियों के अनुसार इस बैठक में केंद्रीय गृह मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए, जिनमें इंटेलिजेंस ब्यूरो के निदेशक महेश दीक्षित, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के प्रमुख, जम्मू-कश्मीर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, सेना के अधिकारी तथा खुफिया और सुरक्षा एजेंसियों के प्रतिनिधि मौजूद थे।

बैठक में मौजूदा सुरक्षा हालात के अलावा आतंकवाद-रोधी अभियानों, घुसपैठ की कोशिशों, खुफिया समन्वय और जम्मू क्षेत्र के पहाड़ी व जंगली इलाकों में सक्रिय विदेशी आतंकवादियों के खात्मे पर चर्चा की गई। स्थानीय युवाओं को आतंकवादी समूहों में शामिल होने से रोकने के उपायों पर भी विचार-विमर्श हुआ।

जानकारी के अनुसार यह समीक्षा बैठक हाल ही में हुई आतंकी घटनाओं की पृष्ठभूमि में आयोजित की गई। इनमें किश्तवाड़ जिले के दच्छन इलाके में दो विशेष पुलिस अधिकारियों की हत्या और कुलगाम में हाल ही में हुई मुठभेड़ शामिल है, जिसमें लश्कर-ए-तैयबा से जुड़ा मोहम्मद लतीफ भट मारा गया था।