बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) ने कृषि विभाग में 147 रिक्त पदों पर नियमित नियुक्ति के लिए अधिसूचना जारी की है। ये भर्तियां वेतन स्तर-9 के तहत की जाएंगी। आयोग के अनुसार, पांच श्रेणियों में नियुक्तियां होंगी, जिनमें सहायक निदेशक (कृषि अभियंत्रण) के 50, सहायक निदेशक (सांख्यिकी) के 36, सहायक नियंत्रक (माप एवं तौल) के 26, सहायक निदेशक (रसायन) के 21 और सहायक निदेशक (पौधा संरक्षण) के 14 पद शामिल हैं।

ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 15 दिसंबर से शुरू होगी। शुल्क भुगतान के लिए 11 जनवरी 2027 तक का समय मिलेगा, जबकि ऑनलाइन आवेदन भरने की अंतिम तिथि 12 जनवरी 2027 निर्धारित की गई है। आवेदन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से करना होगा। अलग-अलग पदों के लिए संबंधित विषय में स्नातक की डिग्री अनिवार्य है। कृषि अभियंत्रण, सांख्यिकी, गणित, भौतिकी, अभियंत्रण, कृषि विज्ञान, रसायन और प्लांट प्रोटेक्शन जैसे विषयों की शैक्षणिक योग्यता पद के अनुसार निर्धारित की गई है। अभ्यर्थियों को आवेदन से पहले संबंधित पद की विस्तृत योग्यता देखनी होगी।

आयु की गणना एक अगस्त 2026 के आधार पर होगी। न्यूनतम आयु 21 वर्ष निर्धारित की गई है। अधिकतम आयु अनारक्षित पुरुषों के लिए 37 वर्ष, पिछड़ा एवं अत्यंत पिछड़ा वर्ग के पुरुषों और महिलाओं तथा अनारक्षित महिलाओं के लिए 40 वर्ष और एससी-एसटी वर्ग के लिए 42 वर्ष है। संविदा कर्मियों और दिव्यांग अभ्यर्थियों को नियमानुसार आयु में छूट मिलेगी। सभी वर्गों के अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा शुल्क 100 रुपये निर्धारित है। आवेदन में आधार संख्या दर्ज नहीं करने पर 200 रुपये अतिरिक्त बायोमेट्रिक शुल्क देना होगा।

चयन प्रक्रिया में लिखित परीक्षा और साक्षात्कार शामिल होंगे। लिखित परीक्षा में सामान्य हिंदी के 100 अंक होंगे, जो केवल क्वालीफाइंग है और इसमें न्यूनतम 30 अंक लाना अनिवार्य होगा। सामान्य ज्ञान के 100 अंक और संबंधित विषय के दो वस्तुनिष्ठ प्रश्नपत्र 200-200 अंकों के होंगे। प्रत्येक प्रश्न में पांच विकल्प दिए जाएंगे और किसी भी विकल्प का चयन नहीं करने पर एक-तिहाई अंक की कटौती होगी। मेधा सूची तैयार करने में लिखित परीक्षा और 50 अंकों के साक्षात्कार को 75 अंकों का वेटेज दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त बिहार सरकार में संविदा पर किए गए कार्य अनुभव के लिए प्रत्येक वर्ष पांच अंक मिलेंगे और इस मद में अधिकतम 25 अंकों की अधिमानता निर्धारित की गई है।