हिंदू धर्म में खरमास का धार्मिक और ज्योतिषीय महत्व माना जाता है। पंचांग के अनुसार, साल 2026 में खरमास 16 दिसंबर से शुरू होकर 14 जनवरी 2027 तक रहेगा। मान्यता है कि जब सूर्य देव धनु राशि में प्रवेश करते हैं, तब खरमास शुरू होता है और यह अवधि लगभग एक महीने तक चलती है। 14 जनवरी 2027 को सूर्य के मकर राशि में प्रवेश के साथ इसका समापन होगा, और उसी दिन मकर संक्रांति भी मनाई जाएगी। ज्योतिष मान्यताओं के अनुसार इसी दिन से शुभ कार्यों की शुरुआत हो जाएगी।
ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, सूर्य देव जब गुरु की राशि धनु में प्रवेश करते हैं, तो इस अवधि को खरमास कहा जाता है। मान्यता है कि सूर्यदेव सात घोड़ों द्वारा खींचे जाने वाले रथ पर सवार होकर लगातार ब्रह्मांड की परिक्रमा करते हैं। कहा जाता है कि निरंतर यात्रा से घोड़े थक जाते हैं और उन्हें प्यास लगती है, तब सूर्यदेव उन्हें एक तालाब के पास ले जाते हैं, लेकिन रथ रुकता नहीं है। तभी उन्हें तालाब के पास दो गधे यानी खर दिखाई देते हैं। उस समय सूर्यदेव अपने घोड़ों को तालाब के पास विश्राम के लिए छोड़ देते हैं और रथ में घोड़ों की जगह गधे यानी खर लगा देते हैं। खर का शाब्दिक अर्थ गधा होता है, इसलिए इस महीने को खरमास कहा जाता है।
मान्यता के अनुसार, गधों की धीमी गति के कारण सूर्य देव का रथ भी धीमा चलने लगता है और सूर्य देव की ऊर्जा काफी कम हो जाती है। इसी वजह से इस महीने में धार्मिक कार्यों को करने से मना किया जाता है। खरमास के एक महीने में सूर्य की ऊर्जा कम होने लगती है, इसलिए इस दौरान विवाह, गृह प्रवेश, नामकरण और उपनयन संस्कार आदि अनुष्ठानों से बचना चाहिए। मुख्य रूप से इस दौरान शादी या उससे जुड़ी किसी भी रस्म को करने से बचना चाहिए।
मान्यता है कि यदि कोई व्यक्ति इस दौरान कोई भी शुभ काम करता है, तो उसमें पूर्णता नहीं मिलती है और न ही उसका पूरा फल मिलता है। शादी-विवाह की भविष्य में सफलता के लिए खरमास में इससे जुड़ी कोई भी रस्म निभाने से मना किया जाता है। इस लेख में दी गई जानकारी विभिन्न माध्यमों, ज्योतिषियों, पंचांग, प्रवचनों, मान्यताओं, धर्मग्रंथों और दंतकथाओं से संग्रहित की गई है। पाठकों से अनुरोध है कि लेख को अंतिम सत्य अथवा दावा न मानें एवं अपने विवेक का उपयोग करें।
