अमेरिका की ओर से भारतीय सामानों पर 25% टैरिफ लगाने के प्रस्ताव के बावजूद भारत के निर्यात पर बड़ा असर पड़ने की आशंका नहीं जताई गई है। एसोचैम के सेक्रेटरी जनरल सौरभ सान्याल का कहना है कि भारत 31 मार्च 2027 तक 1 लाख करोड़ डॉलर यानी करीब 92 लाख करोड़ रुपये के निर्यात का लक्ष्य हासिल कर सकता है। उनके मुताबिक भारत का निर्यात पहले ही 500 अरब डॉलर का आंकड़ा पार कर चुका है और इसमें करीब 15% की दर से बढ़ोतरी हो रही है। उन्होंने कहा कि अमेरिका के व्यापार प्रतिनिधि कार्यालय (USTR) की ओर से 25% टैरिफ लगाने के बयान का भारत के निर्यात पर कोई खास असर नहीं पड़ेगा।
एसोचैम के इंडिया एनर्जी सॉवरेन्टी समिट 2026 के दौरान सौरभ सान्याल ने कहा कि भारत और अमेरिका के बीच चल रही व्यापार वार्ता सफल रहती है तो प्रस्तावित 25% टैरिफ घटकर 17% हो सकता है। उन्होंने कहा कि अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि कार्यालय ने भी संकेत दिया है कि दोनों देशों के बीच बातचीत सफल होने पर टैरिफ में कटौती की जा सकती है।
सान्याल के मुताबिक अमेरिका के साथ भारत का मौजूदा मर्चेंडाइज ट्रेड यानी सामानों का व्यापार करीब 59 अरब डॉलर है। औसतन हर महीने करीब 8.5 अरब डॉलर का कारोबार हो रहा है। उन्होंने कहा कि मौजूदा वित्त वर्ष के पांच महीने बाकी हैं। अगर कारोबार की यही रफ्तार बनी रहती है तो इस अवधि में अमेरिका के साथ भारत का मर्चेंडाइज ट्रेड करीब 41 अरब डॉलर और बढ़ सकता है। सान्याल ने भरोसा जताया कि मौजूदा रफ्तार के आधार पर भारत 31 मार्च 2027 तक 1 लाख करोड़ डॉलर के निर्यात का आंकड़ा पार कर सकता है।
सान्याल ने कहा कि भारत अपने निर्यात के लिए सिर्फ एक बाजार पर निर्भर नहीं रहना चाहता। इसके लिए दूसरे देशों के साथ कारोबार बढ़ाने और नए बाजार तलाशने पर काम किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि भारत अब तक 37 देशों को कवर करने वाले 8 फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) कर चुका है। इन समझौतों से भारतीय कंपनियों को दूसरे देशों में सामान और सेवाएं बेचने के नए मौके मिलेंगे। भारत का कुल निर्यात वित्त वर्ष 2025-26 में रिकॉर्ड 863.1 अरब डॉलर पर पहुंच गया। इसमें वस्तुओं का निर्यात 441.8 अरब डॉलर और सेवाओं का 421.3 अरब डॉलर रहा। चालू वित्त वर्ष 2026-27 में अप्रैल से अक्टूबर के दौरान निर्यात 16.66% बढ़कर 568.84 अरब डॉलर हो गया। अक्टूबर में अकेले 89.9 अरब डॉलर का निर्यात हुआ। सरकार का लक्ष्य इस वित्त वर्ष में कुल निर्यात 1 लाख करोड़ डॉलर तक पहुंचाना है।
